मैट्रो में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक ने 90 हजार रुपये की ठगी की है। इसकी शिकायत सिटी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज किया है।
हनुमान गेट कुम्हारान का मोहल्ला निवासी देव कुमार ने बताया कि उसका दोस्त अमित के मैट्रो में काफी अच्छे जानकार हैं, इसलिए उसे नौकरी लगवाने के लिए बोला था। उसने बातचीत के बाद नौकरी के लिए साफ मना कर दिया, जबकि उसी के पास बैठा अजय ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। अजय ने कहा कि मैट्रो में नौकरी पाने के लिए उसे पहले ट्रेनिंग करनी होगी, जिसके लिए 90 हजार रुपये लगेंगे। उसने ट्रेनिंग करा सर्टिफिकेट और आईडी कार्ड दिलाकर दिल्ली मैट्रो में पक्की नौकरी का भरोसा दिलाया। मार्च 2019 में वह उसके दस्तावेज लेकर चला गया। इसके बाद 15 अप्रैल को फोन आया और 90 हजार देने के लिए बोला। इसके बाद 17 अप्रैल को 20 हजार रुपये आनलाइन खाते में ट्रांसफर करा दिए गए। इसके बाद बाकी 70 हजार रुपये देने के लिए बोला तो इस पर देव कुमार ने 70 हजार रुपये फोन पर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब ट्रेनिंग कराने और नौकरी लगवाने के लिए बोला तो टालमटोल करता रहा। आखिरकार जब देव कुमार आरोपी युवक के घर पहुंचा तो उसे जान से मारने की धमकी दी। जिसकी शिकायत पुलिस को दी। जिस पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ।