भिवानी। कृष्णा कॉलोनी गांधी नगर की गली नंबर तीन में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं होने से गुस्साएं क्षेत्र के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही हैं, यहां पर टैंकर मंगवाना भी संभव नहीं हैं, क्योंकि पुल निर्माण की वजह से रास्ता भी बंद पड़ा है।
कृष्णा कॉलोनी से दिनोद रोड पर नए रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। इस दौरान बिजली के साथ-साथ पानी व सीवर की लाइनों को शिफ्ट किया जा रहा है। इसी वजह से कृष्णा कॉलोनी गांधी नगर की गली नंबर तीन में भी पिछले कई दिनों से पीने के पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्र वासी प्रेम प्रकाश, मीना अरोड़ा, ममता, शांति देवी ने बताया कि जीतूवाला जोहड़ के समीप पाइप लाइन टूटी पड़ी है। जिस कारण उनके घरों तक पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। क्षेत्र के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर इलाके में पेयजल आपूर्ति नियमित किए जाने की मांग की है। वहीं आक्रोश प्रदर्शन कर क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।