स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के मच्छर पर वार के लिए एंटी लारवा एक्टीविटी करते हुए 51 लोगों की ब्लड स्लाइड बनाई। वहीं, 3 घरों में नोटिस थमाए गए। इन घरों में लारवा पाया गया। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने शहर की विद्यानगर कॉलोनी, बैंक कॉलोनी, विकास नगर, लोहड़ बाजार, बर्तन बाजार, नई अनाज मंडी कॉलोनी में एंटी लारवा अभियान चलाया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने संदिग्ध क्षेत्र में जाकर डोर टू डोर लोगों को पोस्टर देकर डेंगू व मलेरिया के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को डेंगू के फैलने के कारण, रोकथाम और सावधानियों के प्रति जागरूक किया। साथ ही पानी की जांच के दौरान जिन घरों में कूलर, पानी की टंकी, पौधे के गमलों में लारवा पाया गया, उन घरों में नोटिस भी दिए गए। जिन लोगों को पिछले एक सप्ताह से बुखार, खांसी, जुकाम या डेंगू के लक्षण हैं, उनकी ब्लड की स्लाइड बनाई गई। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है। जिला नागरिक अस्पताल से डिप्टी सीएमओ डॉ. संध्या गुप्ता ने बताया कि लोगों को बार बार डेंगू व मलेरिया मच्छर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शहर में एंटी लारवा एक्टीविटी व फॉगिंग करवाई जा रही है। जिन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए जाते है उनकी ब्लड स्लाइड बनाकर जांच की जा रही है।