फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   On the first day of HTET, 552 candidates were absent in the district, while 3,538 took the exam.

Bhiwani News: एचटेट के पहले दिन जिले में 552 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, 3538 ने दी परीक्षा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 05 Jul 2026 01:05 AM IST
विज्ञापन
On the first day of HTET, 552 candidates were absent in the district, while 3,538 took the exam.
​भिवानी में परीक्षा केंद्र के बाहर  लगी परीक्षा​र्थियों की लंबी कतार।
भिवानी। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के पहले दिन जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 4,090 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की गई थी जिनमें से 3,538 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 552 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और परीक्षा केंद्रों का रास्ता भटकने वाले करीब 40 परीक्षार्थियों को पुलिस ने स्कॉर्पियो और राइडर की मदद से समय पर उनके निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया।
विज्ञापन

परीक्षा के दौरान ऑल ओवर इंचार्ज एडीसी दीपक बाबूलाल करवा तथा परीक्षा केंद्रों के नोडल अधिकारी एडीएम महेश कुमार और डीएमसी हरबीर सिंह ने पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी की। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से सभी जिलों में आयोजित परीक्षा केंद्रों की मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी पेपर को लेकर संतुष्ट नजर आए।
विज्ञापन

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन एडवोकेट शंकर लाल धूपड़ ने कंट्रोल रूम सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक और फ्रिस्किंग की गई। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास उपायुक्त द्वारा लागू की गई धारा 163 का प्रभाव भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। पुलिस प्रशासन पूरे समय मुस्तैद रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

चार जुलाई को आयोजित पीजीटी (लेवल-3) परीक्षा के लिए जिले में 13 परीक्षा केंद्रों पर 4,090 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इनमें 3,538 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 552 अनुपस्थित रहे। वहीं पांच जुलाई को टीजीटी (लेवल-2) परीक्षा के लिए 21 केंद्रों पर 6,636 तथा पीआरटी (लेवल-1) परीक्षा के लिए छह केंद्रों पर 1,027 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिले में एचटेट के लिए यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
जिले में एचटेट के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय न्यू कैंपस, हलवासिया विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केएम पब्लिक स्कूल, महाराजा नीमपाल सिंह (एमएनएस) राजकीय महाविद्यालय, टीआईटी एंड एस, वैश्य कॉलेज, करियर प्लेनेट पब्लिक स्कूल, डीएवी सेंचुरी पब्लिक स्कूल और डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल तथा लिटिल हार्ट इंटरनेशनल स्कूल सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।

परीक्षा को लेकर एडीसी को बनाया गया ओवरऑल इंचार्ज
एचटेट को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एडीसी दीपक बाबूलाल करवा को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वहीं एसडीएम भिवानी महेश कुमार को परीक्षा केंद्र संख्या चार से 15 तक तथा डीएमसी हरबीर सिंह को परीक्षा केंद्र संख्या एक, दो, तीन, 16, 17, 18, 19, 20 और 21 का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही उपायुक्त ने प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष उड़नदस्ते भी लगाए हैं।

पुलिस ने परीक्षार्थियों को समय रहते परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया
परीक्षा के दौरान अनेक परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का रास्ता भटक गए। इनमें अधिकांश अभ्यर्थी चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय तथा वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा देने वाले थे। कंट्रोल रूम के इंचार्ज पुलिस निरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि 10 से 12 परीक्षार्थी वैश्य कॉलेज पहुंच गए थे जबकि करीब 30 परीक्षार्थी चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के पुराने कैंपस में पहुंच गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो और राइडर की मदद से इन सभी परीक्षार्थियों को समय रहते उनके निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। इसी प्रकार कुछ परीक्षार्थियों को हलवासिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को लोहारू फाटक पर पुलिस की स्कॉर्पियो और राइडर तैनात किए गए हैं ताकि यदि कोई परीक्षार्थी रास्ता भटक जाए तो उसे समय पर दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जा सके।


एचटेट परीक्षार्थी बोले-पेपर संतुलित रहा, परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं भी मिलीं बेहतर

इस बार एचटेट का पेपर संतुलित रहा। सीडीपी और हिंदी के सवाल आसान थे जबकि मैथ्स के प्रश्न हल करने में थोड़ा अधिक समय लगा। पेपर में पाठ्यक्रम से बाहर कोई सवाल नहीं था। उम्मीद है कि इस बार परीक्षा पास हो जाएगी। परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अच्छा अनुभव रहा। स्टाफ का व्यवहार सहयोगात्मक और सकारात्मक था। एंट्री से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। सुरक्षा कर्मियों ने भी अच्छी तरह मार्गदर्शन किया। समय से पहले रोल नंबर और कमरा बता दिया गया। कुल मिलाकर परीक्षा केंद्र का माहौल अनुशासित और बेहतर रहा -मोनिका, परीक्षार्थी।


परीक्षा केंद्र पर पहुंचते ही शांति और बेहतर व्यवस्था देखने को मिली। स्टाफ के सभी सदस्य विनम्र और सहयोगी थे। कहीं भी धक्का-मुक्की या अव्यवस्था नहीं थी और परीक्षा के दौरान किसी तरह का व्यवधान नहीं हुआ। पेपर का स्तर मध्यम था इसलिए घबराहट नहीं हुई। बाल विकास के प्रश्न रोजमर्रा की शिक्षण प्रक्रिया से जुड़े थे जबकि ईवीएस और अंग्रेजी में कुछ प्रश्न थोड़े ट्रिकी थे। रोडवेज और परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाएं भी अच्छी रहीं। -सुनीता, परीक्षार्थी।


पेपर पूरा करने के लिए समय प्रबंधन बेहद जरूरी रहा। सीडीपी के केस स्टडी आधारित प्रश्न सबसे अच्छे लगे। हिंदी व्याकरण कुछ कठिन रही जबकि बाकी पेपर ठीक रहा। परीक्षा केंद्र पर स्टाफ का व्यवहार बहुत अच्छा था। सभी लोग अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए तैयार खड़े थे। पहली बार परीक्षा देने आई थी लेकिन किसी प्रकार की घबराहट नहीं हुई। जरूरी सूचनाएं सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित थीं जिससे कमरा ढूंढने में कोई परेशानी नहीं हुई। -मंजू, परीक्षार्थी।


पहली बार एचटेट दिया और अनुभव अच्छा रहा। पेपर में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल आधारित प्रश्न भी पूछे गए। मैथ्स और रीजनिंग ने थोड़ी परेशानी जरूर दी लेकिन अच्छी तैयारी के कारण पेपर हल हो गया। परीक्षा केंद्र साफ-सुथरा और व्यवस्थित था। स्टाफ ने प्रत्येक अभ्यर्थी की मदद की और किसी को भी कोई समस्या नहीं होने दी। सभी ने मिलकर अनुशासन बनाए रखा। -अर्चना, परीक्षार्थी।



पेपर ठीक-ठाक रहा और कोई भी प्रश्न पाठ्यक्रम से बाहर नहीं था। ईवीएस और एसएसटी के कुछ सवाल समसामयिक विषयों से जुड़े थे। परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं अच्छी थीं और स्टाफ का व्यवहार भी सहयोगपूर्ण रहा। एंट्री से लेकर एग्जिट तक स्टाफ ने पूरा सहयोग किया। परीक्षा केंद्र का माहौल शांत और अनुशासित था। -सोमेश, परीक्षार्थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed