नई अनाज मंडी में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी हरियाणा स्टेट मंडी एसोसिएशन के आह्वान पर आढ़तियों ने काम का बहिष्कार कर हड़ताल जारी रखी। आढ़तियों ने कृषि विधेयक के विरोध एवं अपनी लंबित मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और काम का बहिष्कार जारी रखा। आढ़तियों ने मंडी में प्रतिष्ठान भी बंद रखे।
हरियाणा मंडी एसोसिएशन के जिला प्रधान सुभाष मित्तल ने कहा कि आढ़तियों ने सीएम के नाम अपना मांग पत्र सचिव के माध्यम से शुक्रवार को भेजा था। अगर सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है तो सड़कों पर उतर विरोध प्रदर्शन करेंगे। दरअसल पूरे हरियाणा की मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल जारी है। इसी को लेकर भिवानी की नई अनाज मंडी के आढ़ती भी हड़ताल पर हैं। आढ़तियों का कहना है कि सरकार लगातार किसान और आढ़तियों के अधिकारों को छीनने पर तुली है। जबकि आढ़ती और किसान का तालमेल मंडीकरण की शुरुआत से ही चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती मंडियों में कामकाज बंद रखा जाएगा। इस मौके पर ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान रामनिवास गुप्ता सिवानीवाला, लेखराज मुुंजाल, गीगराज, सतीश, चिराग, संदीप, बबलू, जयप्रकाश, अनिल सहित अनेक आढ़ति मौजूद रहे।