दादा ने कहा- दुष्यंत में समझ होती तो वह आज सीएम होता, डिप्टी सीएम बोले- पार्टी से निकाला किसने था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसी भी राजनीतिक दल में किसी की अनदेखी या उसे पार्टी से तब निकाला जाता है जब उसकी सोच गलत होती है। दुष्यंत की सोच गलत है, इसलिए पार्टी से निकाला। उसमें समझ होती तो वह आज डिप्टी सीएम नहीं इनेलो की ओर से सीएम होता। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कही। वे जाट धर्मशाला में आयोजित जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शनिवार शाम भिवानी पहुंचे थे।
जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज में आज मजदूर किसान हर कोई नाराज है। हमारी सरकार बनते ही हर घर में शिक्षित युवा को नौकरी दी जाएगी। हमारी पार्टी में हर उस दूसरे दल के व्यक्ति का स्वागत है जो जनता के लिए अच्छा कार्य करना जानता है। उन्होंने कहा कि नागरिकता को लेकर बने नए कानून को लेकर देश का हर युवा परेशान है ।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि दुष्यंत अब उप मुख्यमंत्री बने हैं यदि उसमें समझ होती तो वे उनके साथ रहकर इनेलो के माध्यम से मुख्यमंत्री बनते। वही दुष्यंत चौटाला को पार्टी से निकालने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में किसी की अनदेखी या उसे पार्टी से तब निकाला जाता है, जब उसकी सोच गलत होती है।
दुष्यंत के सभी नेता व कार्यकर्ता उसे छोड़कर जा रहे हैं और वे बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने मंच के माध्यम से कहा कि उनकी सजा पूरी हो चुकी है, परंतु राजनीतिक कारणों के चलते उनके दिव्यांग व उम्र दराज होने के बावजूद भी उन्हें जेल में रखा जा रहा है। प्रदेश में मध्यावधि चुनाव निश्चित है। लोगों ने मन बना लिया है कि इस सरकार का पतन करना है। चुनाव लोग ही करवाते हैं और लोगों में नाराजगी है, इसलिए यह सरकार ज्यादा नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार पांच साल क्या पांच महीने भी नहीं चलेगी। प्रदेश की जनता ने भाजपा, कांग्रेस को नकार कर अब इनेलो से आस जतानी शुरू कर दी है। इनेलो ही प्रदेश का भला कर सकती है। इसलिए प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। कुछ इनेलो के साथी बहकावे में इधर-उधर चले गए थे, उन्हें भी मनाया जा रहा है। हमारा किसी से कोई द्वेष नहीं है यदि द्वेष है तो कुशासन से है। जो रूठे हुए हैं उनको हम मनाएंगे ही नहीं बल्कि दूसरी पार्टियों के अच्छे कार्यकर्ताओं को भी हम इनेलो में शामिल करेंगे।
दुष्यंत चौटाला बोले- पार्टी से निकाल किसने था
पूर्व सीएम ओपी चौटाला के बयान इनेलो में दुष्यंत होता तो सीएम होता के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मुझे पार्टी से निकाला किसने था।
उपभोक्ता फोरम को लघु सचिवालय परिसर में लाया जाएगा : बार एसोसिएशन में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कोर्ट परिसर के दो द्वारों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जिला की उपभोक्ता फोरम को लघु सचिवालय परिसर में ही स्थापित करवाया जाएगा।
इसके लिए जरूरी सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करवाया जाएगा। बार प्रधान जोगेंद्र तंवर द्वारा लाइब्रेरी के विस्तार की मांग पर उन्होंने कहा कि वर्तमान युग डिजिटिलाइजेशन का है और भिवानी बार की लाइब्रेरी को डिजिटल करने पर जो भी खर्च आएगा, उसे वे स्वयं उठाएंगे। अधिवक्ता जोगेंद्र तंवर ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और बार की तरफ से एक मांगपत्र प्रस्तुत किया।
बार प्रधान ने कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट कैंपस में इंटरलॉक टाइल लगवाने, वकीलों के चैंबर में बिजली के बिलों को डोमेस्टिक में करवाने, बार परिसर पर सौर ऊर्जा संयत्र लगवाने व वाहन पार्किंग की व्यवस्था करवाने की मांग रखी, जिस पर उप मुख्यमंत्री चौटाला ने हर संभव समाधान करने का आश्वासन दिया।