भिवानी। सिटी पुलिस की टीम ने हांसी के 50 हजार के इनामी बदमाश पवन को गिरफ्तार किया है। पवन के खिलाफ हांसी, हिसार व गुरुग्राम में कई आपराधिक केस दर्ज हैं। वहीं हत्या के प्रयास मामले में 2009 में पवन बेल जंप कर फरार हो गया था। हांसी पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था।
सिटी पुलिस जैन चौकी के मुख्य सिपाही नरेंद्र की टीम को नाइट डोमिनेशन के दौरान यह सफलता मिली। हांसी के लक्ष्मण चबूतरा वासी बदमाश पवन को दादरी गेट से गिरफ्तार किया गया। पवन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, चोरी, मारपीट, लूट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। पवन के खिलाफ भिवानी सिटी थाना में 2007 में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में पवन 2009 में जेल पर पैरोल से बाहर आया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस ने पवन को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने लोगों से भी आह्वान किया कि उनके आसपास कोई वांछित अपराधी रह रहा है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।