भिवानी। ऑटो में सवार एक महिला के बैग को चाकू से काटकर उसके अंदर से सोने के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी। वारदात तीन फरवरी की है। महिला की शिकायत पर इस मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ गहने चोरी का केस दर्ज किया है।
एसपी को दी शिकायत में अनीता शेखावत ने बताया कि गत तीन फरवरी को वह लोहारू से भिवानी अपनी मौसी के पास आई थी। उसके पास एक बड़ा बैग था। वह रोहतक गेट पर बस से नीचे उतरी। बस से ही एक युवक ने उसका बैग उठाकर ऑटो रिक्शा में रखा और उक्त युवक भी ऑटो में सवार हुआ। ऑटो में पहले से ही दो युवक बैठे हुए थे। अनीता का आरोप है कि युवकों ने बैग का मुंह अपनी तरफ कर लिया और चाकू से बैग की तीन लेयर काट डाली। बैग के अंदर से चार सोने की अंगूठी, एक जोड़ी कानों की झुमकी और माथे का टीका चोरी कर लिया। आरोपी युवक हांसी गेट पर ऑटो रिक्शा से नीचे उतर गए। जब वह घर पहुंची तो बैग से गहने गायब थे और बैग का एक हिस्सा कटा हुआ था। मामले की शिकायत एसपी को दी वहीं हांसी गेट पर पुस्तक विक्रेता के यहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। जिससे की आरोपी युवकों का सुराग लगाया जा सके। अनीता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ गहने चोरी का केस दर्ज किया है।