भिवानी। सब्जीमंडी में 14 अगस्त की रात को करीब 30 की संख्या में हथियारों के साथ आए बदमाशों ने सब्जीमंडी में उत्पात मचाया। एक दुकान के शीशे तोड़ करीब 46 हजार का सामान चोरी कर ले गए तो चौकीदार को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चौकीदार को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। वहीं कुछ व्यापारियों ने कोल्ड स्टोर में छिपकर अपनी जान बचाई। सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 14 अगस्त की रात का है। करीब 25-30 की संख्या में बदमाश सब्जीमंडी के पिछले हिस्से में स्थित दुकान नंबर 34 के पास आए। जहां केला कोल्ड स्टोर संचालक, फल एवं सब्जी व्यापारी बैठे थे। हाथों में हथियार लिए हुए बदमाशों ने अचानक ही सब्जीमंडी में हमला कर दिया। दुकानों पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और चौकीदार ओमप्रकाश को बुरी तरह पीटा। अचानक हुए हमले से बचने के लिए कोल्ड स्टोर संचालक और वहां बैठे अन्य दुकानदार कोल्ड स्टोर में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर जान बचाई। बदमाशों ने दुकान के शीशे तोड़ डाले और कोल्ड स्टोर के दरवाजे पर भी पत्थर बरसाए। दुकानदार विक्रम, बैंक कॉलोनी निवासी पवन कुमार ने बताया कि सब्जी मंडी में दुकान नंबर 34 शंकर लाल धीरज कुमार सैनी के नाम से फल-सब्जी आढ़त की दुकान है। उसकी दुकान में कोल्ड स्टोर भी बना हुआ है। 14 अगस्त की रात वह अपनी दुकान पर कुछ कारिंदों व अन्य के साथ था कि अचानक 25-30 युवक हाथों में कुल्हाड़ी, डंडे व ईंट-पत्थर लेकर तेजी से घुसे। आरोपियों ने ईंट पत्थर बरसा दिए और फिर कार्यालय में रखा लैपटॉप व दो मोबाइल फोन तोड़ डाले। हमलावरों ने दुकान पर लगे शीशे भी तोड़ दिए। इसी दौरान उनसे जान बचाने के लिए दुकान पर मौजूद सभी लोग कोल्ड स्टोर में घुस गए। हमलावरों ने कोल्ड स्टोर के गेट पर भी पत्थर बरसाए। हमलावरों ने तिजोरी के पास दराज को ईंटों से तोड़ डाला और अंदर रखी करीब 46 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। पवन कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि बदमाशों द्वारा की गई तोड़फोड़ की वजह से उसे करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लैपटॉप में सारा रिकॉर्ड दर्ज था, जो इतनी बुरी तरह तोड़ा है कि कोई डाटा नहीं बचा। हमले की सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पवन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद चार आरोपियों की पहचान भी की गई है, जो मंडी के ही बताए जा रहे हैं। फिलहाल औद्योगिक पुलिस ने पवन कुमार की शिकायत पर चार नामजद सहित अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। सब्जीमंडी चौकी प्रभारी एसआई उमेद सिंह ने बताया कि हमला हुआ है। अभी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता लगेगा कि बदमाश कौन है और क्यों किया। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि किसी रंजिश में यह हमला किया गया है।