Haryana: 131 करोड़ से अधिक की आठ विकास परियोजनाओं को स्वीकृत्ति, रोहतक में नया डिस्पोजल बनाने की मंजूरी
फरीदाबाद मेट्रोपोलियन विकास अथॉरिटी द्वारा स्थापित की जाने वाली रैनी वैल आधारित 3 पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी गई। ये तीनों पेयजल परियोजनाएं 10-10 एमएलडी क्षमता की होंगी जो यमुना नहर के साथ लगते गांव भिकुला, मोथूका में लगाई जाएंगी। इन पर 51 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में यहां राज्य की लगभग 131 करोड़ रुपये से अधिक की 8 विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें लोक निर्माण विभाग व जनस्वास्थ्य विभाग की 2-2 और 3 फरीदाबाद मेट्रोपोलियन विकास अथॉरिटी की परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को यहां 10 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की स्वीकृति बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
एफएमडीए की 3 रैनी वैल आधारित पेयजल योजनाओं को मंजूरी
बैठक में जींद जिले के दालमवाला गांव में नहर आधारित जल परियोजना की स्वीकृति प्रदान की गई। लगभग 13 करोड़ रुपये से अधिक की इस पेयजल परियोजना से बेहतवाला, खोकरी, हैबतपुर, मांडो गांव सहित पांच गांवों की आबादी को निर्बाध रूप से पेयजल सुलभ होगा और इसे हांसी ब्रांच से पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने रोहतक शहर के गुरु नानकपुरा में बरसाती पानी निकासी के लिए नया डिस्पोजल बनाने की मंजूरी दी।
जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी
इससे महाबीर कालोनी, संजय नगर आदि क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। इस पर 23.75 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, एसीएस अनुराग रस्तोगी, एके सिंह, अरुण गुप्ता, मुख्य प्रशासक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण अजीत बाला जोशी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एफएमडीए ए श्रीनिवास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रैली वैल आधारित तीन परियोजनाओं को मंजूरी
फरीदाबाद मेट्रोपोलियन विकास अथॉरिटी द्वारा स्थापित की जाने वाली रैनी वैल आधारित 3 पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी गई। ये तीनों पेयजल परियोजनाएं 10-10 एमएलडी क्षमता की होंगी जो यमुना नहर के साथ लगते गांव भिकुला, मोथूका में लगाई जाएंगी। इन पर 51 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। बैठक में एफएमडीए द्वारा लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाने वाली सेक्टर 14/15, और 16/17 की मास्टर रोड बनाई जाएगी।
इस पर लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा, रेवाड़ी सेक्टर-7 में पेयजल, सीवरेज व अंदर की सड़कों को भी मंजूरी दी गई। इन पर लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही गुरुग्राम फरूखनगर झज्जर चार मार्गीय सड़क मार्ग के सुधारीकरण की भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस मार्ग पर लगभग 17.25 करोड़ रुपये की लागत आएगी।