नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए जिला पुलिस ने संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए विशेष सर्च अभियान चलाया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा के निर्देशानुसार शुरू किया गया। यह जानकारी पुलिस प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए मंगलवार को थाना पड़ाव के लालकुर्ती क्षेत्र, शास्त्री कॉलोनी व बंधुनगर छावनी इत्यादि क्षेत्रों में विभिन्न टीमों ने विशेष सर्च अभियान चलाया। इस दौरान सभी होटलों, धर्मशालाओं, सराय, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण किया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
प्रवक्ता के मुताबिक एसपी ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों व प्रबंधक थाना को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र में गहनता से जांच करें। वहां कोई आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति छिपा हो तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ-साथ जिले में अपराधों की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।