अवैध खनन मामले में पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्राली को छुड़वाने पर वीरवार माइनिंग टीम पर हमला हो गया। गांव संगराणी नदी में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद जिला खनन रक्षक धर्मवीर व संजीव कुमार सरकारी जीप से पहुंचे थे। एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ा तो अचानक हमला हो गया। मारपीट के बाद टीम पर ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाने का भी प्रयास किया गया। गनीमत यह रही कि टीम सदस्यों ने साइड में कूदकर अपनी जान बचाई। नारायणगढ़ पुलिस ने खनन रक्षक धर्मवीर की शिकायत पर अवैध खनन मामले में पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्राली को जबरदस्ती छुड़ाकर भगा ले जाने, सरकारी जीप पर हमला करने, माइनिंग टीम के साथ हाथापाई व गाली गलौज करने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के तहत 10 से 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जिला खनन अधिकारी धर्मवीर सिंह ने थाना में दर्ज कराई अपनी शिकायत में कहा कि ट्रैक्टर-ट्राली चालक याकूब को रोकने का प्रयास किया तो हाथापाई व गाली-गलौज शुरू कर दी थी। यहां तक कि जबरदस्ती करके ट्राली को भी मौके से भगाने लगे। जान से मारने की नीयत से टीम के ऊपर भी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अंबाला के नारायणगढ़ में पहले भी कई बार माइनिंग टीम पर हमले के मामले सामने आ चुके हैं। बेखौफ होकर बदमाश अवैध खनन करवाते हैं और उन्हें रोकने के लिए टीम जाती है तो उनपर हमला कर दिया जाता है। नारायणगढ़ थाने में दर्जनों मामले दर्ज हो चुके हैं बावजूद अवैध खनन पर किसी प्रकार की रोक नहीं लग पा रही है।