अंबाला। फार्मेसी के उपकरण खरीदने के नाम पर अंबाला छावनी के इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी राहुल कश्यप से 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। राहुल ने मनीकरण कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्रोपराइटर रांची निवासी नितिन पराशर पर आरोप लगाए है। पडाव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में राहुल ने बताया कि उसका साइंस और स्वास्थ्य संबंधी उपकरणों का निर्माण व होलसेल का काम है। उसकी फर्म मेसर्स बायोमेडिका हेल्थ केयर के नाम से दुखेडी इंडस्ट्रियल एरिया में है। नितिन पराशर ने सितंबर 2020 में उससे संपर्क कर बताया कि वह मनीकरण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मैसर्स आरोहन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, झारखंड और मैसर्स सतीश कुमार सिन्हा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, झारखंड का मालिक, मैनेजिंग डायरेक्टर (प्रबंधक संचालक) है। तीनों कॉलेजों के उपकरण खरीदने की नितिन पराशर ने पेशकश की तो राहुल कश्यप ने उसे क्यूटेशन दी। इसके बाद मेसर्स सतीश कुमार सिन्हा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के नाम 3 सितंबर 2020 को 6 लाख रुपये का सामान भेजा। जो रकम आरोपी ने उसे अदा कर दी। 12 अक्टूबर 2020 को मनीकरण कॉलेज ऑफ फार्मेसी, आरोहन कॉलेज ऑफ फार्मेसी के नाम करीब 12 लाख रुपये का सामान भेजा। कोविड का हवाला देते हुए आरोपी ने ये रकम अदा नहीं की। वर्ष 2021 की सितंबर-अक्तूबर में आरोपी से दोबारा संपर्क किया तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। अब 12 लाख रुपये देने से मना कर दिया। राहुल का आरोप है कि आरोपी ने उसे कहा कि उसका राजनितिक लोगों, पुलिस के उच्च अधिकारियों से बातचीत है और वह पेमेंट के लिए मरवा सकता है।