ठंड में बच्चियों को जमीन पर बैठी देख दंग रह गए डीसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने शुक्रवार 2.15 बजे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन अंबाला शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में अनुशासन की कमी और कंप्यूटर लैब में सभी आवश्यक सुविधाएं होने के बावजूद बच्चों को इसका सही लाभ न दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कई कमरों में छात्राओं को दरियों पर बैठाया गया था। अध्यापकों ने बताया कि बच्चों की संख्या के मुताबिक फर्नीचर पर्याप्त नहीं है। कुछ कमरों में कुर्सियां थी, जिनका उपयोग नहीं किया जा रहा था।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वह सर्वशिक्षा अभियान के तहत फर्नीचर शीघ्र उपलब्ध करवाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी जिले सिंह अत्री को निर्देश दिए कि वह रुचि लेकर विद्यालय की व्यवस्था में तुरंत सुधार करें और अध्यापकों को सख्त निर्देश दें। उन्होंने नौवीं कक्षा की छात्राओं से विज्ञान विषय में उनके पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न भी पूछे और अध्यापकों को निर्देश दिए कि वह छात्राओं को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ उनके उत्साहवर्धन में भी सहयोग करें।
बराड़ ने इस विद्यालय की कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया और इस लैब की इंचार्ज टीचर व प्रभारी से बच्चों को दी जा रही कम्पयूटर शिक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय में दो कंप्यूटर लैब होने के बावजूद मामूली खामियों के कारण बच्चों को उचित शिक्षा न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति भी चेक की और बच्चों के लिए पेयजल, शौचालय व अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। डीसी ने डीईओ से कहा कि जिला के जिन विद्यालयों में ऐसी कोई समस्या है, उनकी भी जानकारी प्राप्त करके, वहां भी इस कमी को तुरंत दूर करवाएं। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की संख्या के मुताबिक स्टाफ की पर्याप्त तैनाती के बावजूद विद्यालय के शिक्षा वातावरण सही नहीं होने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
स्कूलों का निरीक्षण करें एसडीएम : डीसी उपायुक्त ने कहा कि वह शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों व अन्य सरकारी कार्यालयों का भी औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि तीनों एसडीएम को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्कूलों व सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण करने के साथ-साथ मिड-डे-मील, राशन डिपो, किसानों के लिए खाद की उपलब्धता व अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करें।
विद्यार्थियों के पास मिलीं गाइडें बराड़ा। बराड़ा के एसडीएम गगनदीप सिंह ने राजकीय मिडल स्कूल सिंबला, राजकीय हाई स्कूल सरकपुर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सोहाना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अधोया का औचक निरीक्षण किया। राजकीय उच्च विद्यालय सरकपुर में पहुचंते ही जब उन्होंने बच्चों को कमरों से बाहर जमीन पर बैठ कर पढ़ाई करते देखा तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। जब उन्होंने दसवीं कक्षा में जाकर बच्चों की किताबें व कापियां जांचने का कार्य शुरू किया तो बच्चों के बैगों से गाईडें व एग्जाम नोट्स मिले। उक्त लापरवाही के मामलों में उन्होंने स्कूल प्राधानचार्य से स्पष्टीकरण लेने बारे बीईओ बराड़ा को सख्त निर्देश दिए। उनके साथ बराड़ा के बीईओ पवन गुप्ता भी थे। एसडीएम बराड़ा गगनदीप सिंह ने पहले गांव सिंबला के राजकीय प्राथमिक स्कूल व राजकीय मिडल स्कूल में औचक निरीक्षण के दौरान पहुंचते ही अध्यापकों का हाजरी रजिस्टर चेक किया। इसके उपरांत उन्होंने बच्चों की पुस्तकें व कापियां चैक की। उन्होंने स्कूल की पानी की टैंकी व नल तथा शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से कई प्रकार के सवाल भी किए। उन्होंने इन स्कूलों में शौचालयों व स्कूल प्रांगण की सफाई व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे-मील योजना की भोजन सामग्री, प्रत्येक दिन का भोजन मैन्यू लिस्ट, बच्चों की पढ़ाई व्यवस्था व अध्यापकों की स्कूल हाजरी के रजिस्टरों आदि की गहनता से जांच की।