Haryana: पाकिस्तानी युवती से होती थी चैट, सैन्य ठिकानों के बारे में की बात, पूछताछ कर युवक को छोड़ा
जासूसी के संदेह में युवक का मोबाइल जब्त किया गया है। युवती ने खुद को पश्चिम बंगाल का बताया था। युवक पिछले कई दिनों से इंटेलिजेंस एजेंसियों के निशाने पर था।
विस्तार
हरियाणा के अंबाला में इंटेलिजेंस एजेंसी ने बकनौर के युवक को जासूसी के शक पर पकड़ लिया। युवक दो साल से पाकिस्तानी युवती से ऑनलाइन बात कर रहा था। युवती ने खुद को पश्चिम बंगाल का बताया था। युवती कई बार युवक से सैन्य ठिकानों और एयरफोर्स स्टेशन की बात करती थी।
युवक पिछले कई दिनों से इंटेलिजेंस एजेंसियों के निशाने पर था। उसे इंटेलिजेंस एजेंसियों ने पकड़ लिया और सीआईए ऑफिस में पूछताछ की। युवक से डेढ़ दिन तक पूछताछ की। उसने बताया कि उसे नहीं पता कि युवती पाकिस्तान की है।
वह सेना या वायु सेना के बारे में जानकारी लेना चाहती थी और ऑनलाइन कॉल पर बात करती थी। इसके बाद बुधवार को इंटेलीजेंस एजेंसियों ने युवक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। मगर उसका मोबाइल जब्त कर लिया। इसमें से चैट पहले से डिलीट है। चैट रिकवर के लिए मोबाइल को पंचकूला लैब में भेजा है।
अंबाला में यह पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई मामले आ चुके हैं। इसी कारण सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
- केस एक
माह पहले सेवानिवृत्त सैनिक से हुई थी पूछताछ
एक महीने पहले पंजोखरा के एक गांव के निवासी सेना से सेवानिवृत्त जवान को भी पकड़ा था। उससे पूछताछ की थी कि वह किसके संपर्क में हैं। सूत्र बताते हैं कि सेवानिवृत्त जवान पाकिस्तान की युवती के संपर्क में चैटिंग के माध्यम से आया था। जांच में पाया कि उसने जम्मू कश्मीर की कुछ लोकेशन के फोटो साझा किए थे। इसमें जांच चल रही है। मोबाइल को जब्त कर जांच के लिए लैब में भेजा है।
- केस दो
कारिंदे ने चार बार की थी चैटिंग
कुछ समय पहले बलदेव नगर के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का मामला भी सामने आया था। यहां एक युवक शराब के ठेके पर काम करता था। वह भी ऑनलाइन युवती के संपर्क में आया था। मगर उसने तीन से चार बार ही चैटिंग की। इस कारण से उसे छोड़ दिया। मगर मोबाइल को जांच के लिए भेजा है।