बस डिपो के वर्कशॉप में चले लात-घूंसे, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला बस डिपो के वर्कशॉप में मंगलवार को ड्यूटी को लेकर दो गुटों में जमकर लात घूंसे चले। विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट के कर्मचारियों ने दूसरे गुट के यूनियन के दफ्तर में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस तनातनी के बाद यूनियन के दफ्तर में ही ताला जड़ दिया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें भी आई। बाद में कर्मचारियों को दूर हटाकर मामले को जैसे-तैसे शांत करवाया गया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों को मामूली चोटें भी आई।
हंगामे और मारपीट का कारण एक कर्मचारी की लगाए जाने वाली ड्यूटी में बार-बार बदलाव करना बताया जा रहा है। जबकि ड्यूटी कर्ल्क का कहना है कि कर्मचारी की ड्यूटी में बदलाव आला अफसरों के कहने पर किया जा रहा है। इसमें किसी कर्मचारी की कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। उधर, विवाद में सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री इंद्र सिंह बधाना, डीआई रामचंद्र और ड्यूटी क्लर्क सोमनाथ व रामरतन शर्मा को चोटें भी आई हैं। दोनों गुटों ने पुलिस में शिकायत दे दी है।
इस बात को लेकर हुआ विवाद
सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित यूनियन नेता इंद्र सिंह बधाना ने बताया कि उनकी यूनियन से जुड़े सुखजीत नामक कंडक्टर की एक सप्ताह में तीन बार ड्यूटी बदल दी गई जबकि सुविधा शुल्क देने वाले कर्मी चार-चार साल से एक ही रूट पर चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब वह सुखजीत के संबंध में ड्यूटी क्लर्क से बात करने गए तो उसने गालीगलौच करके हाथापाई शुरू कर दी। इस हाथापाई में उनके हाथ की एक अंगुली पर चोटें आ गई। इस बीच जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे उसी दौरान दफ्तर में की गई तोड़फोड़ का पता चला। बधाना ने कहा कि उनके साथ मारपीट और दफ्तर में जिन्होंने तोड़ फोड़ की है उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है।
वहीं दूसरी ओर पिटाई का शिकार हुए ड्यूटी क्लर्क राम रतन शर्मा ने कहा कि कुछ कर्मचारियों ने ड्यूटी रूम में आकर क्लर्क सोमनाथ व डीआई राम चंद्र से विवाद करके उनसे हाथापाई की, जिसमें सोमनाथ का स्वेटर फट गया और चोटें आई। उसने बताया कि जब वह सोमनाथ को अस्पताल से लेकर वापस आया तो वहां खड़े आरोपी कर्मचारियों ने उसे भी धमकी दी और उसकी भी पिटाई कर दी।
जिससे उसका भी स्वेटर फट गया और उसे भी चोटें आई। बाद में खासे हंगामे के बाद अफसरों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों को बातचीत के लिए जीएम रोडवेज कार्यालय में बुलाया गया, जहां उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर दोनों पक्षों को शांत करवाया, लेकिन देरशाम तक रोडवेज वर्कशाप में तनाव की स्थिति बनी रही।
वर्जन-
झगड़े का पता चलने के बाद दोनों पक्षों को बुलाया गया है और उनकी बात सुनी गई है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद उचित जांच और कार्रवाई की बात कही गई है। अभी फिलहाल दोनों पक्षों को शंात करवा दिया गया है। इस विवाद में बिल्कुल भी अन्याय नहीं होगा। इस विवाद का जो भी जिम्मेवार है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
कुलधीर सिंह, जीएम रोडवेज, अंबाला डिपो