Haryana: रिश्वत लेते होमगार्ड के दो जवान गिरफ्तार, एसीबी की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा; रिकॉर्डिंग आई सामने
शिकायतकर्ता सुखदीप सिंह ने बताया कि वह पंजाब के दमकल विभाग में कार्यरत है। जीजा सुखबीर व दीदी संतोष रानी सिटी में ही किराये पर रहते हैं। जीजा के पड़ोस में रहने वाला नशे का काम करता था। कुछ दिन पहले दीदी व जीजा घर पर नहीं थे। तभी घर में बच्चों के पास पड़ोसी नशीले कैप्सूल का बैग रखकर चला गया था।
विस्तार
अंबाला सिटी के अग्रसेन चौक पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मंगलवार दोपहर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो होमगार्ड के जवानों को रंगे हाथों पकड़ा। शिकायत कर्ता ने जैसे ही पैसे होमगार्ड के जवानों को दिए तो टीम ने दबिश दे दी। बताया जाता है कि होमगार्ड हरविंद्र व चरणजीत सिंह ने नशे के झूठे मामले में फंसाने की एवज में पैसों की डिमांड की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले 50 हजार रुपये मांगे थे लेकिन झूठे केस में फंसने के डर से 20 हजार रुपये में बात हुई थी। चौंकी नंबर तीन के दोनों होमगार्ड को दो दिन पहले भी 10 हजार रुपये दिए थे। फिर पैसे मांगे तो इसकी सूचना व पैसे मांगने की रिकॉर्डिंग एसीबी अंबाला की टीम को दी थी। टीम ने दोनों होमगार्ड जवानों को पकड़कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंजाब पुलिस ने पड़ोस में दी थी दबिश, उसका फायदा उठा धमका रहे थे जवान
शिकायतकर्ता सुखदीप सिंह ने बताया कि वह पंजाब के दमकल विभाग में कार्यरत है। जीजा सुखबीर व दीदी संतोष रानी सिटी में ही किराये पर रहते हैं। जीजा के पड़ोस में रहने वाला नशे का काम करता था। कुछ दिन पहले दीदी व जीजा घर पर नहीं थे। तभी घर में बच्चों के पास पड़ोसी नशीले कैप्सूल का बैग रखकर चला गया था। तभी पंजाब की स्पेशल टीम ने दबिश देकर उस समय सभी आरोपियों को पकड़ लिया था। साथ ही उनके घर से बैग ले गए थे।
पंजाब पुलिस की टीम के साथ चौकी नंबर तीन के दो होमगार्ड हरविंद्र व एक अन्य जवान थे। उस समय तो सब खत्म हो गया था। इस मामले में उनकी कोई संलिप्ता नहीं थी। कुछ दिन बाद ही होमगार्ड हरविंद्र व एक अन्य होमगार्ड उनके घर आया। पैसों की डिमांड करने लगा। बोला कि नहीं दिए तो झूठे केस में फंसा देंगे। शिकायतकर्ता ने कहा कि पहले तो होमगार्ड उसकी दीदी को बात कर रहा था। जब उसके पास फोन आया तो होमगार्ड के जवानों ने फिर से पैसे मांगे। बोले कि यह तो देने पड़ेंगे। 50 हजार की जगह 20 में बात हुई थी। 14 जुलाई को जगाधरी गेट पर होमगार्ड हरविंद्र को करीब 10 हजार रुपये की राशि दी थी। वो लेने के बाद लगातार तंग कर रहे थे। मंगलवार को उन्हें 10 हजार रुपये देने के लिए अग्रसेन चौक के पास बुलाया था।
होमगार्ड हरविंद्र व शिकायतकर्ता के बीच हुई बात की रिकॉर्डिंग
शिकायतकर्ता - हां जी क्या हाल है
होमगार्ड हरविंद्र - बढि़या
शिकायतकर्ता - किधर हो
होमगार्ड हरविंद्र - ड्यूटी पर
शिकायतकर्ता - मैं वहीं आया था जी जहां आप उस दिन मिले थे, आप बताओं कि किधर आना, वहीं थाने में आना कि यहीं आओगे आप
होमगार्ड हरविंद्र - अभी तुम जिस तरह कर रहे हो कर लो, हम कार्रवाई करके दिखा देंगे
शिकायतकर्ता -नहीं कोई नहीं, मिल लो, जिस तरह आप कहोगे कर लेंगे
होमगार्ड हरविंद्र - तेनू सही तरीका बताया, थम सही तरीके नहीं चलदे हैं,टाइम दे दिया है आज का, आवा तो ठीक है नहीं तो चक लाएंगे घर से
शिकायतकर्ता - कोई नहीं भाई आजो, आपां बात कर लेंगे, मैं आप वाला काम कर दूंगा, निबेड़ा आपां तो
होमगार्ड हरविंद्र - चल आरा मैं वहीं