Gorakhpur News: अतिक्रमण हटाने पर बवाल, दुकानदारों ने ठेले में लगाई आग
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। जिन लोगों ने ठेले में आग लगाई और भीड़ को उकसाने का काम किया, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सभी पटरी व्यापारियों से अपील है कि वे वेंडिंग जोन में ही ठेले लगाएं।
विस्तार
अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान मंगलवार को व्यापारियों ने जमकर बवाल काटा। मंगलवार को जब नगर निगम का प्रवर्तन दल अतिक्रमण हटाने आंबेडकर चौक पर पहुंचा, तो उन्हें पटरी व्यापारियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। पटरी व्यापारियों ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्रवर्तन दल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेले पर कैरेट रख उसमें आग लगा दी। व्यापारियों के भारी विरोध को देखते हुए प्रवर्तन दल को लौटना पड़ा।
नगर निगम ने पटरी व्यापारियों के लिए वेडिंग जोन बना कर शास्त्री चौक से आंबेडकर चौक तक नो वेंडिंग जोन घोषित कर रखा है। मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे के करीब प्रवर्तन दल अतिक्रमण हटाने पहुंचा। अतिक्रमण के आरोप में विक्रेताओं से जुर्माना भी वसूला जा रहा था। इस दौरान कुछ पटरी व्यापारियों ने प्रतिरोध किया तो उनके ठेले जब्त करने के निर्देश दिए गए। निगमकर्मी कुछ ठेले ट्रैक्टर-ट्राॅली पर लादने लगे, इस बीच अचानक फल एवं सब्जी विक्रेता भड़क गए।
एक ने अपने ठेले पर कैरेट रखकर आग लगा दी। प्लास्टिक का कैरेट धूं-धूं कर जलने लगा। प्रवर्तन दल ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इस बीच आक्रोशित व्यापारियों ने अपने ठेले भी ट्रैक्टर-ट्राॅली से उतार लिए।
व्यापारियों का आरोप, हो रहा उत्पीड़न
आक्रोशित व्यापारियों ने प्रवर्तन दल पर आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। जुर्माना वसूलने, प्लास्टिक में चालान करने के बाद भी ठेला नहीं लगाने दे रहे। इस महंगाई में घर चलाना मुश्किल है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके बाद वह नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आंबेडकर चौराहे तक पहुंच गए। मौके पर मौजूद नगर निगम के कर्मचारी और प्रवर्तन दल कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर डूडा के अधिकारी एवं सफाई निरीक्षक राम विजय समेत सभी लोग मौका देख खिसक लिए।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। जिन लोगों ने ठेले में आग लगाई और भीड़ को उकसाने का काम किया, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। सभी पटरी व्यापारियों से अपील है कि वे वेंडिंग जोन में ही ठेले लगाएं।