{"_id":"696aa455a2dbd3c5930c7d49","slug":"take-strict-action-in-villages-where-leases-are-being-given-for-money-gorakhpur-news-c-7-gkp1062-1199330-2026-01-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gorakhpur News: जिन गांवों में रुपये लेकर हो रहे पट्टे, वहां करें सख्त कार्रवाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gorakhpur News: जिन गांवों में रुपये लेकर हो रहे पट्टे, वहां करें सख्त कार्रवाई
विज्ञापन
विज्ञापन
जनता दर्शन : सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में 200 लोगों से मुलाकात कर सुनीं समस्याएं
अधिकारियों को दिए निर्देश-शीघ्रता से करें जनता की समस्याओं का निस्तारण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का शीघ्रता से निस्तारण करें। इस दौरान भूमि पट्टा आवंटन से जुड़ीं कुछ शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन भी गांवों में रुपये लेकर पट्टे किए जाने की शिकायत हो, वहां तत्काल जांच कर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में सुबह जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद चलकर गए। उनकी समस्याओं व शिकायतों को सुना और समझा। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन में एक महिला ने गरीबों के जमीन पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि जहां भी रुपये लेकर जमीन का पट्टा दिया गया हो, वहां संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इसी क्रम में एक महिला ने आर्थिक तंगी को लेकर बिटिया की शादी की चिंता व्यक्त की तो सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि बिटिया का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में कराने की व्यवस्था करें।
धन के अभाव में किसी का नहीं रुकेगा इलाज
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।