यूपी बोर्ड: परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी दे सकेंगे अंक सुधार परीक्षा, ऐसे करें आवेदन
यूपी बोर्ड ने घोषित किया परीक्षा कार्यक्रम, 18 सितंबर से छह अक्तूबर के बीच होगी परीक्षा, इच्छुक विद्यार्थी 27 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी बोर्ड द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणामों से जो विद्यार्थी असंतुष्ट हैं वे अब अंक सुधार की परीक्षा दे सकते हैं। उन्हें बिना परीक्षा शुल्क दिए एक या अधिक विषयों में शामिल होने का मौका दिया जा रहा है। अंक सुधार की परीक्षा 18 सितंबर से 6 अक्तूबर तक कराई जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन www.upmsp.edu.in पर 27 अगस्त तक किया जा सकता है।
परीक्षा के लिए विदहेल्ड श्रेणी, सामान्य, बिना अंक के प्रोन्नत, अनुपस्थित श्रेणी समेत कम अंक वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। कोरोना की दूसरी लहर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर-2021 की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। दोनों कक्षाओं में पंजीकृत छात्र-छात्राओं का बिना परीक्षा लिए परिणाम घोषित किया गया था।
इसके लिए पूर्व की कक्षाओं में मिले अंकों को आधार बनाया गया था। हाईस्कूल व इंटर का परिणाम 31 जुलाई को घोषित हुआ था। उस समय कहा गया था कि जो पंजीकृत विद्यार्थी अंक सुधार की परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें अगली बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा, उनका परीक्षाफल 2021 ही माना जाएगा।
विद्यार्थी 27 अगस्त तक करें आवेदन
इसमें शर्त यह होगी कि परीक्षार्थियों को मूल्यांकन में मिले अंक ही मान्य होंगे, उनका 31 जुलाई को घोषित रिजल्ट अमान्य हो जाएगा। इसे ऐसे समझें कि जो विद्यार्थी अभी उत्तीर्ण हैं और अंक सुधार परीक्षा में शामिल होने पर फेल हुए तो उन्हें फेल ही माना जाएगा। डीआईओएस ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अंक सुधार की परीक्षा अब 18 सितंबर से छह अक्तूबर के बीच कराई जाएगी। हाईस्कूल की 12 और इंटर की परीक्षा 15 दिन में संपन्न होगी। परीक्षाएं पूरी तरह से नकलविहीन होंगी, इसके लिए बोर्ड परीक्षा की तरह इंतजाम किया जाएगा।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के लिए विद्यार्थी 27 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। उन्हें बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध आवेदन पत्र के प्रारूप को डाउनलोड करना होगा या विद्यालय से प्राप्त करके उसे भरकर प्रधानाचार्य के यहां 27 अगस्त तक जमा करना होगा। प्रधानाचार्यों को आवेदनों का परीक्षा विवरण, परीक्षार्थी का अनुक्रमांक व आवेदित विषयों की सूचना वेबसाइट पर अपने लागिन से 29 अगस्त दोपहर 12 बजे तक अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी। मिले आवेदन पत्रों के अनुसार विद्यालय व जिलावार परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे।