परदेश से आए लोगों ने क्वारंटीन का सुनाया हाल, कहा- चारपाई देकर भूल गए जिम्मेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर और बस्ती मंडल में देश-विदेश से आए लोगों को गांवों के प्राथमिक स्कूलों व पंचायत भवनों में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में ठहराया गया है। वहीं प्रशासन भी दावा कर रहा है कि यहां मौजूद लोगों को पूरी सुख सुविधा दी जा रही है। लेकिन इसकी कहानी थोड़ी अलग है।
यहां लोगों को हाथ धोने के लिए साबुन और सोने के लिए चारपाई देकर लोग भूल गए हैं। क्वारंटीन में भर्ती लोगों के घर से ही खाना आ जा रहा है। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी इनकी खोज खबर नहीं ले रहे हैं। स्कूलों और पंचायत भवनों में सफाई की कोई बेहतर व्यवस्था है नहीं है। कई जगह तो स्वास्थ्य विभाग की टीम भी समय से नहीं पहुंच पा रही है।
संतकबीर नगर के नाथनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रहा में विभिन्न प्रांतों से आने वाले लोगों के लिए बनाए गए क्वारंटीन सेंटर पर परदेसी अवस्था के बीच रहने को विवश हैं। परिसर में गदंगी पसरी हुई है। मॉनीटरिंग नहीं होने से इनके साथ परिजन पहुंचकर समय व्यतीत कर रहे है।
क्वारंटीन प्रदीप कुमार, राम प्रताप, रामजनक आदि ने बताया कि उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अब तक स्वास्थ्य टीम भी नही पहुंची है। फैली गंदगी व अव्यवस्था के बीच रहने को वह विवश है। मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी संभालने वालों के नदारद रहने से क्वारंटीन लोगों के साथ उनके परिजन भी पूरे दिन साथ रहते हैं।
यहां 21 लोग हैं क्वारंटीन
बस्ती जिले के भानपुर में बाहर से आने वाले व्यक्तियों को रोकने के लिए तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बनाए गए क्वारंटीन होम का शुक्रवार को आयुक्त अनिल कुमार सागर ने निरीक्षण कर व्यवस्था जांची।
दोपहर डेढ़ बजे तहसील पहुंचे मंडलायुक्त ने तहसील मुख्यालय के निकट स्थित सावित्री विद्या विहार और जगदीशपुर नौगढवा प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन की व्यवस्था देखी वहां मौजूद लोगों से बात की।
आयुक्त ने भोजन, राशन, सफाई और सुरक्षा आदि की जानकारी ली। सावित्री विद्या विहार में मौके पर 12 और जगदीशपुर नौगढवा में 21 लोग क्वारंटीन में पाए गए। उन्होंने एसडीएम आशाराम वर्मा को बाहर से आने वाले सभी व्यक्तियों को हर हाल में 14 दिन तक क्वांरटीन होम में रोकना सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्रा, राजस्व निरीक्षक कृष्ण चंद्र चौधरी, रवि चंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एसडीएम और सीओ ने किया निरीक्षण
सिद्धार्थनगर के हल्लौर में एसडीएम त्रिभुवन और सीओ महेंद्र सिंह देव ने शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। क्वारंटीन में रखे गए लोगों से मिले और भोजन पानी के बारे में जानकारी ली। दोनों अधिकारी हल्लौर, भटंगवा सहित 12 गांवों में क्वारंटीन हाउस में रखे लोगों से मिलकर उन्हें जागरूक भी किया। उनसे कहा कि 14 दिनों तक यहीं पर रहें। अगर किसी प्रकार की दिक्कत होती है तो सूचना दें।
क्वारंटीन में नही मिल रहा भोजन लोग घर जाने को मजबूर
देवरिया जिले के बरियारपुर में क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोंगो को समय पर भोजन-पानी की व्यवस्था नहीं मिल पा रही। दुर्व्यवस्था से परेशान लोग क्वारंटीन से भागकर घर चले जा रहे हैं। सबसे ज्यादा बदहाली रामपुर कारखाना ब्लाक के गुददीजोर गांव में देखने को मिल रही है। गांव से सटे प्राथमिक विद्यालय में बने क्वारंटीन वार्ड में बाहर से आए सात लोग रह रहे हैं।
ग्राम प्रधान ने इनके लिए खाने पीने का इंतजाम नहीं किया है। सिर्फ सोने के लिए सभी को विस्तर उपलब्ध कराया गया है।यहां रह रहे लोगों ने कहा कि खाना मांगने पर ग्राम प्रधान घर से मंगवाने के लिए बोलते हैं। घर में कोई खाना पहुंचाने वाला नहीं है। इस बाबत प्रभारी बीडीओ महेश नरायण पांडेय ने कहा कि क्वारंटीन में लोग रहे लोगों को रहने खाने की समुचित व्यवस्था दी जा रही है। जहां कमियां हैं उन्हें दुरूस्त कराया जा रहा है।