Railway News: 44 ट्रेनों में कम होंगे स्लीपर कोच, दोगुना से ज्यादा महंगा होगा सफर
अगर आप गोरखधाम एक्सप्रेस से सफर करते हैं तो गोरखपुर से नई दिल्ली तक स्लीपर का किराया 445 रुपये है, जबकि एसी थ्री कोच में 1165 रुपये किराया देना होगा। यह ऑनलाइन टिकट का किराया है। इस हिसाब से दोगुना से ज्यादा किराया यात्रियों को देना पड़ेगा।
विस्तार
ट्रेनों में किफायती सफर अब सपना हो जाएगा। 44 ट्रेनों में स्लीपर कोच कम होंगे। रेलवे ने स्लीपर व जनरल कोच की संख्या कम करके एसी कोच बढ़ाना शुरू कर दिया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन का तर्क है कि इससे ट्रेनों का संचलन आसान होगा। लेकिन, सच तो यह है कि स्लीपर कोच कम होने से यात्रियों के जेब पर दोगुना भार बढ़ेगा।
लंबी दूरी की ट्रेनों में स्लीपर कोच कम करने से सामान्य वर्ग के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। ट्रेन में स्लीपर के दो ही कोच लगेंगे, जबकि अभी पांच से छह कोच लग रहे हैं। कोच कम करने की शुरूआत हो चुकी है। रेलवे बोर्ड के निर्देश के मुताबिक अब 22 कोच की रेक में सात की जगह दो ही स्लीपर कोच लगाए जा रहे हैं। एसी थ्री में चार कोच ज्यादा लगा रहे हैं। इसका मतलब है कि प्रत्येक ट्रेन में कम से कम 300 से 400 यात्रियों को स्लीपर व जनरल की जगह एसी कोच में जाना होगा।
ऐसे महंगा होगा सफर
अगर आप गोरखधाम एक्सप्रेस से सफर करते हैं तो गोरखपुर से नई दिल्ली तक स्लीपर का किराया 445 रुपये है, जबकि एसी थ्री कोच में 1165 रुपये किराया देना होगा। यह ऑनलाइन टिकट का किराया है। इस हिसाब से दोगुना से ज्यादा किराया यात्रियों को देना पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन का तर्क
एक समान रेक की संरचना करने के पीछे रेलवे प्रशासन का तर्क है कि ट्रेनों के संचालन में आसानी होगी। ट्रेनों के रेक को आसानी से बदला जा सकेगा। ट्रेन की संरचना को बदलने में कोच बढ़ाने पड़ते हैं। कभी-कभी कोच नहीं मिलने से दिक्कत बढ़ती है। यात्रियों को दूसरे कोच में यात्रा करनी पड़ती है।
अब ऐसी होगी 22 कोच की रेक संरचना
| श्रेणी | पहले | अब |
| जनरल | 04 | 02 |
| स्लीपर | 07 | 02 |
| एसी-3 | 06 | 10 |
| एसी-2 | 02 | 04 |
| एसी-1 | 01 | 01 |
| पेंट्री कार | 01 | 01 |
| पावर कार/ गार्ड डिब्बा | -- | 01 |
| गार्ड डिब्बा | -- | 01 |
प्रमुख ट्रेनें, जिनमें स्लीपर की जगह एसी कोच प्रस्तावित
- 12555/12556 गोरखधाम एक्सप्रेस में गोरखपुर से 13 मई व बठिंडा से 14 मई से
- 15004/15003 चौरीचौरा एक्सप्रेस में गोरखपुर से 11 मई व कानपुर-अनवरगंज से 12 मई से
- 15022/15021 शालीमार एक्सप्रेस गोरखपुर से 22 मई से तथा शालीमार से 23 मई से
- 15029/15030 गोरखपुर-पुण एक्सप्रेस में 25 मई तथा पुणे से 27 मई से
- 22533 / 22534 गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस मे गोरखपुर में 29 मई एवं यशवंतपुर से 31 मई
- 15065/15066 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में गोरखपुर से 25 मई व पनवेल से 26 मई से
- 15005/15006 गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस में गोरखपुर से 26 मई से व देहरादून से 30 मई से
- 12580/12590 गोरखपुर सिकंदराबाद एक्सप्रेस में गोरखपुर से 24 मई से तथा सिकन्दराबाद से 25 मई से
- 15018/15017 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस में गोरखपुर से 01 जून व एलटीटी से 03 जून
- 15045/ 15046 गोरखपुर-ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस में गोरखपुर से 25 मई व ओखा से 28 मई से
- 15048/15047 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस में गोरखपुर से 04 जून से तथा कोलकाता से 05 जून
- 15050/15049 गोरखपुर-कोलकाताएक्सप्रेस में गोरखपुर से 3 जून तथा कोलकाता से 04 जून से
- 15028/15027 गोरखपुर-हटिया-मार्य एक्सप्रेस में गोरखपुर से 01 जून से तथा हटिया से 02 जून से