प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना: गोरखपुर के 2.34 परिवारों को मिला निशुल्क अनाज, यूपी में दूसरा स्थान
गोरखपुर जिले के 1895 राशन की दुकानों से बांटा गया नि:शुल्क अनाज, भाजपा नेता, विधायक व कार्यकर्ताओं ने भी संभाली कमान।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बृहस्पतिवार को जिले के दो लाख 34 हजार परिवारों को निशुल्क अनाज दिया गया। जिले की सभी 1895 राशन की दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक अनाज वितरण का सिलसिला चलता रहा। अन्न पाकर लाभार्थी गदगद दिखे। जंगलधूसड़ क्षेत्र में जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने खुद 300 लाभार्थियों को राशन दिया। जिला आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक अरुण सिंह के मुताबिक राशन वितरण के मामले में गोरखपुर को यूपी में दूसरा स्थान मिला है।
गोरखपुर जिले में राशन वितरण का अभियान चला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। हर कोटेदार के वहां एलईडी प्रोजेक्टर लगाया गया। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री को सुना और अन्न वितरण योजना की खुले मन से तारीफ भी की। भाजपा सांसद, विधायक, नेता व कार्यकर्ताओं ने हर राशन की दुकान पर जाकर अनाज बांटा। अधिकारी व कर्मचारियों ने भी राशन वितरण की कमान संभाली। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने भी लाभार्थियों को राशन दिया।
नगर विधायक ने बांटा राशन
शहर के दाऊदपुर मोहल्ले में भाजपा के नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने राशन बांटा। अंत्योदय कार्ड के लाभार्थियों ने शिकायत की कि कोटेदार 85 रुपये की जगह 100 रुपये ले रहे हैं। इस पर नगर विधायक ने इस केंद्र के नोडल अफसर से बात की और पूरी रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी कार्यालय को भेजने को कहा। विधायक ने इंदिरानगर मोहल्ले में भी राशन का वितरण किया।
महिला मोर्चा ने भी संभाली कमान
मालवीय नगर मंडल में राशन का वितरण भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री चित्रा देवी व मंडल अध्यक्ष अष्टभुजा श्रीवास्तव, सेक्टर संयोजक स्वतंत्र कुमार मल्ल, देवेंद्र पासवान बूथ अध्यक्ष रत्नेश्वर पांडेय, कोटेदार रामरती देवी, नोडल अधिकारी रमाकांत ने राशन बांटा।
जिलाध्यक्ष बोले- सरकार के सबके साथ
भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने ग्राम पंचायत मिनवा में ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल और मंडल अध्यक्ष शिवचरन प्रसाद तथा प्रभुनाथ पांडेय व दिवाकर राज के साथ कार्ड धारकों को अपने हाथों से निशुल्क राशन का किट दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकारें निरंतर गरीबों के हितों के लिए काम कर रही हैं।
महानगर में भी बांटा गया निशुल्क राशन
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने अलहदादपुर मोहल्ले में राशन वितरित किया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत महानगर की 298 राशन की सरकारी दुकानों पर नि:शुल्क अनाज दिया गया है। महानगर मंत्री अजय श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष सिद्धांत घोष, महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्य ने भी राशन बांटा। हुमायूंपुर डीसीएफ पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीतांशु सिंह आशु, महानगर मंत्री रंजुला रावत व पार्षद राधेश्याम रावत, नथमलपुर गोरखनाथ पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव, जाफरा बाजार में महानगर महामंत्री देवेश श्रीवास्तव, फुलवरिया रुस्तमपुर में महानगर महामंत्री अच्युतानंद शाही, राजेंद्र नगर में बृजेश मणि मिश्र, माया बाजार में रणविजय शाही, जितेंद्र चौधरी जीतू, दुर्गाबाड़ी में शशिकांत सिंह, बरगदवा में वीरेंद्र पांडेय, राप्ती नगर मंडल के कृष्णा नगर कॉलोनी में महानगर महामंत्री इंद्रमणि उपाध्याय, दीवान बाजार में पुष्पदंत जैन, सूर्य प्रकाश शर्मा, दया कृष्ण गुप्ता, बिछिया बिस्मिल नगर में आनंद अग्रहरि, मिर्जापुर वार्ड में महापौर सीताराम जायसवाल, मोहद्दीपुर में अनुपमा पांडेय, झरना टोला में रमेश प्रताप गुप्ता, शेषपुर में अवधेश अग्रहरि, कूड़ाघाट महानगर मंत्री मनोज अग्रहरि, हल्सीगंज में महानगर उपाध्यक्ष पदमा गुप्ता की मौजूदगी में नि:शुल्क राशन वितरित किया है।
गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही सरकार
चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा गौनर निशुल्क राशन वितरित किया गया। हियुवा के जिला प्रभारी आनन्द शाही ने केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। सुरेश पासवान, राम दुलारे चौधरी,अवधेश जायसवाल, राजन पांडेय, आदित्य मिश्रा, राजू चौरसिया, गणेश शर्मा, दिलीप पांडेय, वीरेंद्र यादव, विश्वनाथ यादव, ओम प्रकाश पासवान, दीपेंद्र जयसवाल आदि रहे।
सरकार सबके साथ: विपिन सिंह
खोराबार ब्लॉक के ग्रामसभा प्यासी में निशुल्क राशन बांटा गया। गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक विपिन सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोरोना काल में गरीबों को नि:शुल्क खाद्य सामग्री देकर सबके विकास की अपनी नीति को पुख्ता किया है। दिनेश जायसवाल, कमलेश पाठक, जोखन विश्वकर्मा, प्रभाशंकर त्रिपाठी, वैभव अग्रहरि, सोनू जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
आदर्श गांव बना टोला हैदरगंज
विकास खंड चरगांवा के ग्राम सभा जंगल धूषण के टोला हैदरगंज को आदर्श गांव बनाया गया है। गांव में बाबूलाल कोटेदार ने अन्न महोत्सव के तहत राशन वितरित किया। डीएम विजय किरण आनंद ने लाभार्थियों से कहा कि सभी तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। अगर भूमि विवाद सहित कोई ऐसी अन्य समस्या हो जिसका निस्तारण नहीं हो पा रहा है तो उसे अवगत कराएं। संबंधित अधिकारियों के माध्यम से तुरन्त समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।