राष्ट्रपति का गोरखपुर दौरा: 28 अगस्त को गोरखपुर आएंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे शिलान्यास स्थल
राष्ट्रपति सुबह करीब 10.50 बजे राष्ट्रपति भटहट के पिपरी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 11 बजे आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास स्थल पर आएंगे। उनके वहां करीब एक घंटे रहने की उम्मीद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 अगस्त को लखनऊ से सीधे हेलीकॉप्टर से भटहट के पिपरी गांव में स्थित आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास स्थल पर पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से ही मानीराम सोनबरसा स्थित गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। राष्ट्रपति गोरखनाथ मंदिर भी जा सकते हैं।
अभी उनका अधिकृत प्रोटोकॉल तो नहीं जारी हुआ है कि मगर अनंतिम कार्यक्रम तैयार हो चुका है। मौसम खराब होने की दशा में आयुष विश्वविद्यालय शिलान्यास स्थल के पास बने हेलीपैड की बजाए राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर खाद कारखाना स्थित एसएसबी परिसर में बने हेलीपैड पर भी उतर सकता है।
अनंतिम कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब 10.50 बजे राष्ट्रपति भटहट के पिपरी स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 11 बजे आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास स्थल पर आएंगे। उनके वहां करीब एक घंटे रहने की उम्मीद है। भूमि पूजन एवं शिलान्यास के बाद वह सभा को भी संबोधित करेंगे।
शहर का ही एक होटल तैयार करेगा राष्ट्रपति का भोजन
वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर करीब 12.25 बजे विश्वविद्यालय का लोकार्पण के बाद राष्ट्रपति वहां भी सभा को संबोधित करेंगे। यहां पर भी उनके 45 मिनट से एक घंटे तक ठहरने की उम्मीद है। वह भोजन भी वहीं करेंगे। दोपहर करीब 1.15 बजे उनके हेलीकॉप्टर से ही लखनऊ रवाना हो जाने की उम्मीद है। राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के साथ सेना के भी दो हेलीकॉप्टर रहेंगे।
राष्ट्रपति के लिए भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी शहर के ही एक बड़े होटल को मिली है। मुख्यमंत्री ने भी होटल के नाम पर अपनी रजामंदी दे दी है। राष्ट्रपति भवन से भेजे जाने वाले मेन्यू के मुताबिक होटल प्रशासन भोजन तैयार करेगा। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के बाद राष्ट्रपति को भोजन परोसा जाएगा।
दोनों जगहों पर अलग-अलग अफसर करेंगे स्वागत
दो जगहों पर राष्ट्रपति का कार्यक्रम होने की वजह से अलग-अलग अफसर उनका स्वागत करेंगे। एक जगह कमिश्नर और एडीजी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे तो दूसरी जगह डीएम, एसएसपी, सीडीओ, जीडीए उपाध्यक्ष, गीडा सीईओ व नगर आयुक्त। बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री भी गोरखपुर आकर अंतिम तैयारियां खुद जांचेंगे।