गोरखपुर: युवक को पीटने पर व्यापारियों में रोष, कार्रवाई की मांग
रेती रोड में हुई घटना पर व्यापारी संगठनों ने जताया विरोध, पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल और चेंबर ऑफ कॉमर्स की कड़ी आपत्ति।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर के रेती रोड में पुलिस के द्वारा निर्दोष युवक को पीटे जाने की घटना पर व्यापारी संगठनों ने रोष जताया है। पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल और चेंबर ऑफ कॉमर्स ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है।
व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता ने कहा कि रेती चौराहे का इलाका काफी व्यस्त रहता है। यहां सड़क पतली होने के कारण ग्राहक अपनी मोटरसाइकिल जब सड़क पर खड़ी करते हैं तो वहां जाम लगने लगता है। रेती चौक से घंटाघर जाने वाली सड़क पर चार पहियों वाहनों के आने से भी हमेशा यातायात सुगम नहीं रहता है।
सोमवार को जब युवक एक स्कूटी के पास खड़ा था तो राजघाट की पुलिस ने उससे स्कूटी के बारे में पूछताछ की। उसने कहा कि स्कूटी उसकी नहीं है। बाद में उस युवक और पुलिस वालों में कहासुनी होने लगी और यह इतनी बढ़ी कि पुलिसवालों ने उसे चौराहे पर ही पीट दिया।
एक निहत्थे युवक को पुलिस वालों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से जख्मी कर दिया। उस दिन गाड़ियां जिनके चलते जाम लगा था, उनका चालान किया जा सकता था या फिर सीज करने का विकल्प भी पुलिस के पास था। लेकिन अकारण ही युवक को पीट देने की घटना शर्मनाक है। पुलिस वालों की दबंगई का वीडियो बना रहे एक दुकानदार को भी उन्होंने डिलीट करने के लिए धमकाया।
चेंबर ऑफ कॉमर्स की तरफ से भी पूरी घटना पर विरोध जताया गया। अध्यक्ष संजय सिंघानियां ने कहा, पूरी घटना की जांच कराकर दोषी पुलिस वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा व्यापारियों की सुरक्षा के साथ होने वाले उत्पीड़न तो तत्काल रोका जाए।
पीड़ित युवक ने भी दिया ज्ञापन
पीड़ित युवक ने मंगलवार को एडीजी अखिल कुमार को घटना के संबंध में शिकायती पत्र देकर ज्ञापन दिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
भाजपा महानगर व्यापार प्रकोष्ठ ने की कार्रवाई की मांग
भाजपा महानगर व्यापार प्रकोष्ठ के सह संयोजक और गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने मंगलवार को एसएसपी को मांगपत्र सौंपा। जिसमें युवक के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। दरअसल, सोमवार को रेती रोड स्थित एक व्यापारी के यहां खड़े युवक सुनील पासवान को पुलिस वालों द्वारा मारने पीटने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया था।
मंगलवार को जिलाध्यक्ष के साथ अन्य संगठन के व्यापारी नेताओं ने वहां का निरीक्षण किया। रेती रोड के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना का पूरा विवरण लिया और पीड़ित से बात की। टीम में मोबाइल एसेसरीज के अध्यक्ष मोहमद शाहाब, महामंत्री विनय मिश्रा, गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन के महानगर महामंत्री अश्मित श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष राजू शुक्ला, आसिफ रेयान, दानिश आदि रहे।