Gorakhpur News: सोती रही पुलिस, जागते रहे चोर, एक ही रात चार घरों में की चोरी
गोरखपुर जिले के सहजनवां, कैंपियरगंज और बांसगांव इलाके में चोरों ने चोरी कर पुलिस की सक्रियता की हकीकत को सामने ला दी है। पुलिस गश्त के नाम पर सोती रही और चोरों ने घटना को अंजाम देकर जता दिया कि वे बेखौफ होकर जाग रहे हैं।
विस्तार
एक ओर मुख्यमंत्री गश्त बढ़ाने पर जोर दे रहे तो दूसरी ओर चोरों ने पुलिस की मुस्तैदी की पोल खोल दी है। जिले के सहजनवां, कैंपियरगंज और बांसगांव इलाके में चोरों ने चोरी कर पुलिस की सक्रियता की हकीकत को सामने ला दी है। पुलिस गश्त के नाम पर सोती रही और चोरों ने घटना को अंजाम देकर जता दिया कि वे बेखौफ होकर जाग रहे हैं। गलियों की कौन कहें, खजनी इलाके में तो मुख्य मार्ग पर स्थित मकान को ही चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये समेट लिए।
पाली प्रतिनिधि के मुताबिक, सहजनवां थाना क्षेत्र के भरपहीं गांव में बृहस्पतिवार रात दो घरों में घुसकर लगभग 10 लाख से ऊपर के जेवरात व 25 हजार नकद की चोरी हुई है। भरपहीं ग्राम पंचायत के अमरिया टोला में पलटू गुप्ता के मकान से चोर हार, सोने की चेन समेत दस लाख के जेवरात व 16 हजार नकद चुरा ले गए। चोर बगल में झिनकू के घर के बरामदे में बनी सीढ़ी से ऊपर चढ़कर पलटू के घर में घुसे थे, क्योंकि पलटू के सीढ़ी पर गेट नहीं लगा था।
इसी रात ग्राम सभा के मंझरिया टोला में राममिलन चौरसिया के घर में चोर छत के रास्ते घुसकर घर से कमरे में रखे बॉक्स में से जेवरात के साथ 5,000 नकद चुरा ले गए। चोरों ने बाक्स को गांव के पश्चिम ले जाकर फेंक दिया था।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, नगर पंचायत चौमुखा कैंपियरगंज के अंड़रिया टोला निवासी फरीदा के मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर 1.80 लाख रुपये नकद व जेवरात चुराकर फरार हो गए। बृहस्पतिवार को फरीदा का बेटा सलमान मकान में ताला लगाकर बाहर गया था। रात आठ बजे के आसपास जब वापस आया तो दरवाजे का ताला टूटा था, आलमारी के सामान फर्श पर बिखरे थे।
हरनही प्रतिनिधि के मुताबिक, बांसगांव थाना क्षेत्र भरोहिया चौबे गांव में अनिल पांडेय का घर सड़क के किनारे स्थित है। घर के पीछे सागौन का पेड़ लगा है। बृहस्पतिवार रात पेड़ पर चढ़कर चोर अंदर घुसे। दीवार में एक बड़ा छेद कर कमरे में पहुंचे और 15 हजार रुपये नकद व सोने का मंगलसूत्र उठा ले गए। रात तीन बजे अनिल के पिता दीनानाथ पांडेय शौच के लिए निकले तो उनकी नजर घर के पीछे पड़ी। उन्हें देखते ही चोर अन्य सामान छोड़कर भागने लगे। आरोप है कि रात में ही पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन वह सुबह पहुंची थी।