PM सुरक्षा रिहर्सल: एयरफोर्स से गीता प्रेस-रेलवे स्टेशन तक कर्फ्यू सा सन्नाटा...ताकि परिंदा भी पर न मारे
फ्लीट के आने से पहले दस बजे से पुलिस वालों की ड्यूटी लगा दी गई थी। इस दौरान सीओ, एसओ सड़कों पर पुलिस वालों की ड्यूटी चेक करते नजर आए। दोपहर में एक बजे के करीब मोहद्दीपुर रोड पर एक सिपाही गायब मिला तो एक थानेदार माइक से एलाउंस करते सुने गए।
विस्तार
गोरखपुर में बृहस्पतिवार दोपहर 1.50 बजे एयरफोर्स, गीता प्रेस और रेलवे स्टेशन को जाने वाले रास्तों पर आवागमन बंद कर दिया। इसी बीच पुलिस का वायरलेस बजने लगा कि प्रधानमंत्री की फ्लीट आने वाली है..। जगह-जगह ड्यूटी में तैनात प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियां सड़क पर घूमने लगीं।
लोगों को सड़क से हटाएं, यह सुनते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाले सतर्क हो गए और फिर दोपहर में 2.15 बजे एयरफोर्स से एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) के अफसरों की देखरेख में पुलिस व प्रशासन के अफसर फ्लीट लेकर एयरफोर्स से निकले। तय समय पर फ्लीट की गाड़ियों का काफिला मोहद्दीपुर चौक होते हुए 2.35 बजे कचहरी चौक से गीता प्रेस के लिए मुड़ गया और 2.40 बजे गीता प्रेस के गेट में प्रवेश कर गया। फिर यही काफिला यहां से 3.32 बजे गीता प्रेस से निकलकर रेलवे स्टेशन गेट नंबर सात से 3.38 बजे अंदर दाखिल हो गया।
इस दौरान एयरफोर्स से गीता प्रेस और रेलवे स्टेशन तक भरी दोपहर में एक दम कर्फ्यू जैसी स्थिति बन गई। मोहद्दीपुर चौराहे के आसपास एक व्यक्ति भी नजर नहीं आ रहा था। जो भी थे, उन्हें गली के पीछे ही पुलिस रोके खड़ी रही। सड़क पर चलने भर की इजाजत किसी नहीं थी। करीब आधा-आधा घंटा दो बार इसी तरह रास्ते सील किए गए। इस दौरान छतों और घरों से लोग ताक-झांक करते रहे। सभी खुसफुसा रहे थे-मोदी जी आ रहे हैं...।
इसे भी पढ़ें : पीएम मोदी आज आएंगे गोरखपुर, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी; भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ी
प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी को आखिरी रूप देने के लिए सुबह से ही अलग-अलग विभागों की टीमें लगी हैं। दोपहर एक बजे के करीब कुसम्ही जंगल, रजही मोड़ पर बैरीकेडिंग कर दी गई है। वहां पुलिस वाले तैनात कर दिए, ताकि सूचना मिलते ही आवागमन बंद कर दिया जाए। आगे बढ़ने पर एयरफोर्स की दीवारें रंग-रोगन कर तैयार हैं तो दूसरे छोर पर सुंदर कलाकृतियां बनाई जा रही हैं।
बगल में ही लोको पायलट ग्राउंड के बगल के मैदान से बाहर छुट्टा पशु न आने पाए, इसलिए वहां पर भी गेट व टूटी दीवार के पास बैरीकेडिंग की गई है। आगे बढ़ने पर नंदानगर क्रॉसिंग के रेलवे ट्रैक पर उबड़-खाबड़ सड़क को दुरुस्त कर दिया गया। यहां पर भी दोनों तरफ पुलिस वाले ड्यूटी पर तैनात हैं। नाले के ऊपर गंदगी न दिखे, शामियाना के मेज लगाकर कालीन बिछा दी गई है
इसे भी पढ़ें : गोरक्षनगरी में ही मिला था मोदी को पहली बार CM बनने का संदेश, दिल्ली से आ गया था बुलावा
आगे बढ़ने पर आरकेबीके के पास रामगढ़ताल में सुंदर जालियां लगाई जा रही थी तो पत्थरों को सफेद रंग से रंग दिया गया, इससे ताल की खूबसूरती और बढ़ गई है। रास्ते में पढ़ने वाले गुमटी उठाकर पीछे कर दिए गए हैं और उन्हें हिदायत भी दी गई है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम तक पीछे ही रहें। मोहद्दीपुर चौराहे के पास से पुलिस की पिकेट भी हटा दी गई है, सड़कों के किनारे प्राइवेट बस वाले नजर नहीं आए। डिवाइडर के बीच में पेड़ लगे बड़े-बड़े गमले रखकर नगर निगम ने सजा दिया है। गीता प्रेस रोड पर फ्लीट के आने के समय दुकानों के बाहर कोई नजर नहीं आया, जैसे दुकान बंद हो।
गोला के सिपाही कहां हो...ड्यूटी कर लो, नहीं तो होगे सस्पेंड
फ्लीट के आने से पहले दस बजे से पुलिस वालों की ड्यूटी लगा दी गई थी। इस दौरान सीओ, एसओ सड़कों पर पुलिस वालों की ड्यूटी चेक करते नजर आए। दोपहर में एक बजे के करीब मोहद्दीपुर रोड पर एक सिपाही गायब मिला तो एक थानेदार माइक से एलाउंस करते सुने गए। बोल रहे गोला का सिपाही, नाम लिए, कहां हो, ड्यूटी कर लो, नहीं तो सस्पेंड हो जाओगे, क्या दिमाग काम नहीं कर रहा है, प्रधानमंत्री की ड्यूटी है। कुछ यही हाल नंदानगर के पास भी देखने को मिला। एम्स थानेदार मदन मोहन मिश्रा माइक से ड्यूटी बताते नजर आए।
इसे भी पढ़ें : सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में सुनी फरियाद, बोले- पीड़ितों की हर संभव हो मदद
एयरफोर्स से रेलवे स्टेशन तक 50 रास्ते बैरियर से बंद
50 से ज्यादा जगह लगे बैरियर प्रधानमंत्री के के आगमन को लेकर एयरफोर्स से नंदानगर, कूड़ाघाट, मोहद्दीपुर, यूनिवर्सिटी चौराहा, गणेश, कचहरी चौक, टाउनहाल, घोसकंपनी, रेती, धर्मशाला होते हुए रेलवे स्टेशन कैब वे तक 50 से ज्यादा जगह बैरियर लगाए गए हैं। ताकि, फ्लीट के दौरान अचानक कोई गलियों से बाहर न आ जाए। वहीं रास्ते में पड़ने वाले मोहद्दीपुर के पास रामगढ़ताल पुल व अन्य सेंसेटिव जगहों पर सड़क के दोनों किनारे बल्ली से घेरेबंदी कर दी गई है। पुल के आसपास पानी में भी सुरक्षा जवान स्टीमर पर रहेंगे।
पीएम के रहने तक दो घंटे फ्लाइट भी बंद
प्रधानमंत्री शहर में करीब पौने दो घंटे रहेंगे। उनकी फ्लाइट उड़ान जब तक भर नहीं लेगी, तब तक नो फ्लाई जोन घोषित रहेगा। इस दौरान कहीं के लिए जहाजें उड़ान नहीं भरेंगे। एयरपोर्ट पर भी अधिकारियों ने सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली है।
इसे भी पढ़ें : LIU की गोपनीय रिपोर्ट पर अलर्ट: गीता प्रेस के पास घनी आबादी से PM को खतरा, किसी को फटकने नहीं देंगे
24 मिनट हुआ प्रधानमंत्री के फ्लीट का रिहर्सल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बृहस्पतिवार को पीएम फ्लीट का रिहर्सल किया गया। इस दौरान सुरक्षा के प्रत्येक पहलुओं को परखा गया।
तीन बजकर 33 मिनट पर पीएम की फ्लीट जैसे ही पहुंची, वैसे ही एसीपीजी के जवान चौकस होकर चारों तरफ देखने लगे। ब्लैक कलर की एक फार्च्यूनर गाड़ी प्रधानमंत्री के लिए बने सेफ हाउस के बगल में रुकती है। तत्काल एक जवान पीछे का दरवाजा खोलकर निकल जाता है। 30 सेकेंड तक इधर-उधर देखने के बाद आगे का दरवाजा खुलता है और एसपीजी का वरिष्ठ अधिकारी गाड़ी से नीचे उतरता है। इसके बाद चारों तरफ से उस अधिकारी को एसपीजी के जवान घेर लेते हैं।
जैसे-जैसे अधिकारी के कदम बढ़ते हैं, वैसे-वैसे जवान चारों तरफ से लोगों को देखना शुरू कर देते हैं। करीब तीन मिनट तक इधर-उधर देखने के बाद अधिकारी कार्यक्रम स्थल को देखकर आगे बढ़ते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री, जिस रास्ते से वंदे भारत ट्रेन में इंट्री करेंगे, उसी रास्ते से अधिकारी और जवान वंदे भारत में इंट्री करते हैं। इसके बाद करीब पांच से सात मिनट तक वंदे भारत में एक-एक सुरक्षा के मानकों की जांच करते हैं। यह सिलसिला यही नहीं खत्म होता है।
इसे भी पढ़ें : घर से निकलें तो जरा सोच समझकर, गोरखपुर शहर के 14 रास्ते बंद और 8 पर डायवर्जन
इस बीच पता चलता है कि पीएम जिस पंडाल पर चढ़ेंगे, उसमें एक से डेढ़ इंच का अंतर था, जिसे तत्काल सही करने को कहा गया। इसके बाद एसपीजी जवानों ने एडीजी अखिल कुमार, आईजी जे रविंद्र गौड़, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ करीब पांच से छह मिनट तक वार्ता की। इन सबके बीच 24 मिनट तक गहन मंथन के बाद पीएम की फ्लीट वहां से चली जाती है। इसके बाद अधिकारी और सुरक्षा में लगे जवान राहत की सांस लेते हैं।
एसपीजी जवानों ने इलाकोंं को अपने कब्जे में ले लिया
पूर्वाभ्यास में पीएम के फ्लीट के जानकारी होते ही सुरक्षा में लगे जवान पूरी मुस्तैदी से जुट गए। एसपीजी जवानों ने पूरे इलाकों को अपने कब्जे में ले लिया। एक-एक स्थान पर जवान तैनात हो गए, जाे जहां था उसे वही रोक दिया गया। हालात ऐसे हो गए थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता था। यहां तक की मीडिया वालों को भी वहां से दूर कर दिया गया।