Exclusive: वाल्मीकि जयंती पर एक तीर से कई निशाने साधेंगे पीएम मोदी, बुद्ध की धरती से देंगे विकास का संदेश
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करके बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली से विकास का संदेश देंगे, पीएम मोदी भगवान बुद्ध व महर्षि वाल्मीकि के जरिये अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति को साधेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाल्मीकि जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली से एक तीर से कई निशाने साधेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करके विकास का बड़ा संदेश देंगे। साथ ही बुद्ध व वाल्मीकि के जरिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लोगों को भी साधेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्तूबर को कुशीनगर आएंगे। वह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। साथ ही जनसभा करके जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने का आशीर्वाद मांगेंगे। लोकार्पण समारोह में श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ विशेष प्रतिनिधिमंडल बुलाया गया है। इसमें बौद्ध भिक्षु भी शामिल रहेंगे। वाल्मीकि जयंती के दिन होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी में भाजपा जुटी है। लोकार्पण समारोह व जनसभा को एतिहासिक बनाने की तैयारी है।
भाजपा की तरफ से जनसभा में करीब तीन लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि 2014 के लोकसभा, 2017 के विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लोगों का समर्थन भाजपा को मिला था। इसी लिहाज से इस वोट बैंक को सहेजने की कोशिश की जा रही है। यह समाज भगवान बुद्ध व वाल्मीकि को अपना आराध्य मानता है। लिहाजा, स्थानीय बौद्ध भिक्षुओं को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर जगह मिल सकती है।
12 अक्तूबर को कुशीनगर जाएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री प्रदीप शुक्ला व मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन ने शनिवार को कुशीनगर जाकर तैयारियों की जानकारी ली है। 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कुशीनगर जाएंगे, फिर लोकार्पण व जनसभा स्थल तय होगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने की तैयारी है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कुशीनगर में सात विधानसभा क्षेत्र हैं। हर क्षेत्र से जनता आएगी। प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर जबरदस्त उत्साह है। सब प्रधानमंत्री को सुनना चाहते हैं।
भाजपा को मिली थी नौ सीटों पर जीत
गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के दस जिलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को आरक्षित की नौ सीटों पर जीत मिली थी। कुशीनगर की रामकोला सीट भाजपा के सहयोगी के खाते में गई थी। आजमगढ़ की दो सीटों (लालगंज व मेंहनगर) पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान में अभी समय है लेकिन भाजपा सुरक्षित सीटों पर जीत की रणनीति बनाने में जुट गई है। इसी लिहाज से वाल्मीकि जयंती के दिन महात्मा बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली से विकास का बड़ा संदेश देने का फैसला किया गया।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्तूबर को पूर्वांचलवासियों को विकास की बड़ी सौगात देंगे। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। साथ ही जनसभा भी होगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जनता में जबरस्त उत्साह है। एतिहासिक जनसभा होगी। 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री कुशीनगर जाएंगे फिर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।