गोरखपुर के युवाओं को नहीं चाहिए नौकरी: ऑनलाइन रोजगार मेला के 643 पदों पर महज 81 ने कराया पंजीकरण, 45 को मिली नौकरी
कुल 643 पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाना था, मगर 81 युवाओं ने ही रोजगार मेले के लिए पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के बाद 45 युवाओं का ही चयन किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में क्षेत्रीय सेवा योजना कार्यालय की पहल पर लगे ऑनलाइन रोजगार मेले के 643 पदों के लिए जिले के केवल 81 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 45 को ही नौकरी मिली। इन आंकड़ों की रोशनी में दो सवाल उठ रहे हैं कि क्या जिले के युवा नौकरी नहीं करना चाहते या प्रचार-प्रसार के अभाव में युवाओं को रोजगार मेलों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
बता दें कि हाल ही में विभाग की ओर से ऑनलाइन रोजगार मेले के लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। सात कंपनियों ने एचआर मल्टी टॉस्किंग, एग्रीकल्चर ऑफिसर, क्लस्टर सेल्स एग्जीक्यूटिव, एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर, बीडीई जैसे पदों के लिए आफर किया था।
कुल 643 पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाना था, मगर 81 युवाओं ने ही रोजगार मेले के लिए पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के बाद 45 युवाओं का ही चयन किया गया। इस तरह विभाग की ओर से युवाओं को रोजगार के प्रति आकर्षित करने के लिए जिस योजना पर काम किया जा रहा है, वह सफल नहीं हो सकी।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या रोजगार मेले के आयोजन के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है? मेले का प्रचार प्रसार नहीं किया जा रहा है? पंजीकृत युवाओं को भी सही तरीके से सूचना नहीं प्रेषित की जा रही है। बेरोजगारों की काउंसिलिंग के लिए कोई ठोस योजना विभाग के पास है क्या?
प्रचार-प्रसार में उदासीनता
शासन स्तर से प्रत्येक वर्ष विभाग को अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मेले का आयोजन कर रोजगार के अवसर मुहैया कराने का लक्ष्य दिया जाता है। लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में विभाग ज्यादा संख्या में युवाओं को रोजगार मेले तक लाने में सफल नहीं हो पाता है।
सहायक निदेशक सेवायोजन रास बिहारी चतुर्वेदी ने कहा कि कोविड महामारी के चलते ऑनलाइन रोजगार मेले पर फोकस किया जा रहा है। विभाग ने पिछले एक वर्ष में गोरखपुर जनपद में पांच हजार युवाओं को रोजगार का अवसर मुहैया कराया है। विभाग द्वारा रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार पर फोकस किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मेले में शामिल करने के लिए प्रेरित करने की योजना बनाई जाएगी।