प्राइवेट स्कूल में मुफ्त दाखिले के लिए दो मार्च से करें ऑनलाइन आवेदन, यहां मिलेगी सभी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर शहर के प्रतिष्ठित प्राइवेट स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को मुफ्त प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन मार्च से शुरू होगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रवेश का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहली बार ग्रामीण इलाकों से भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। तीन चरणों में ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किया जाएंगे। पहले चरण में 2-25 मार्च तक (rte.upsdc.gov.in) आवेदन किया जा सकेगा।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के बच्चों के लिए कक्षा एक से आठवीं तक में 25 फीसदी सीटें स्कूलों में आरक्षित की गई हैं। इसके अंतर्गत प्रवेश लेने वाले बच्चों की फीस शासन की ओर से स्कूल प्रबंधन को शुल्क प्रतिपूर्ति के रूप में वापस की जाती है। वहीं कॉपी किताब के लिए धनराशि अभिभावकों के खाते में हस्तांतरित की जाती है।
नया सत्र अप्रैल से शुरू हो रहा है। इसके लिए स्कूलों की मैपिंग का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इसके बाद वेबसाइट पर स्कूलवार आरक्षित सीटों का ब्योरा जारी किया जाएगा। पिछले वर्ष तक आरटीई के प्रवेश के लिए नगर क्षेत्र के विद्यालयों में ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किया जाता रहा है। वहीं ग्रामीण इलाकों के लिए आवेदन ऑफलाइन स्वीकार किए जाते थे। मगर शासन ने इस बार सभी के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था को लागू कर दिया है।
ऑनलाइन आवेदन का विस्तृत कार्यक्रम
- प्रथम चरण: 2-25 मार्च
- बीएसए द्वारा आवेदनपत्रों का सत्यापन कर उन्हें लॉक करना: 26- 28 मार्च
- लॉटरी से स्कूल आवंटन: 30 मार्च
- विद्यालय में प्रवेश का समय: पांच अप्रैल
- दूसरा चरण: 1-23 अप्रैल
- आवेदन पत्रों की जांच: 24-26 अप्रैल
- लॉटरी: 28 अप्रैल
- प्रवेश का समय: पांच मई
- तीसरा चरण: 29 अप्रैल से 10 जून
- आवेदनपत्रों का सत्यापन: 11-13 जून
- लॉटरी से विद्यालयों का आवंटन: 15 जून
- विद्यालय में प्रवेश का समय: 30 जून
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दो मार्च से शुरू होगी। विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रवेश से जुड़ी किसी प्रकार की जानकारी के लिए नगर शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार होंगे।