गोरखपुर: थानेदारों का रिपोर्ट कार्ड बनाने थानों पर पहुंचे अफसर, सात बिंदुओं पर जांची कार्यशैली
सात बिंदुओं पर जांची कार्यशैली, पहले चरण में 10 थानों में पहुंचे थे अधिकारी, सभी 29 थानों की जांच के बाद रिपोर्ट डीएम व शासन को दी जाएगी।
विस्तार
गोरखपुर में थानेदारों का रिपोर्ट कार्ड बनाने के लिए बृहस्पतिवार को प्रशासनिक व पुलिस अफसर थानों पर पहुंचे थे। प्रथम चरण में 10 थानों में पहुंचे अफसर सात बिंदुओं पर कार्यशैली की समीक्षा की। काम का तरीका, जनता से उनकी छवि के बारे में जानने का प्रयास किया। अब अगले बृहस्पतिवार को अधिकारी फिर 10 थानों में पहुंचेंगे। सभी 29 थानों की जांच के बाद रिपोर्ट डीएम व शासन को दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में आए दिन पुलिस की शिकायतें आ रही हैं। इसे देखते हुए थानेदारों की रिपोर्ट कार्ड बनाने का निर्णय लिया गया था। एडीएम सिटी विनीत सिंह व एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई रामगढ़ताल थाने पहुंचे थे।
अफसर थानों की अवस्थापना व उनके कायाकल्प, थानों के पंजीकृत गैंगस्टर व हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ की गई कार्रवाई, बीट व्यवस्था में क्या काम हुआ, इसकी समीक्षा, थानेदार व अन्य पुलिसकर्मियों की आम लोगों में छवि कैसी है, यह जानने की कोशिश की। आम लोगों से बात भी की। पॉस्को व महिलाओं से संबंधित क्राइम की स्थिति, कार्रवाई और मुकदमा निस्तारण, जन शिकायतों का निस्तारण व प्रोसेस की समीक्षा, भूमि विवाद रजिस्टर व थाना और तहसील दिवस रजिस्टर जैसे सात बिंदुओं की जांच की गई।
पहले चरण में इन थानों पर पहुंचे थे ये अफसर
रामगढ़ताल थाने में एडीएम सिटी विनीत कुमार व एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई, कैंपियरगंज में एडीएम प्रशासन पुरुषोत्तम दास गुप्ता व एसपी नार्थ मनोज अवस्थी, गोला में एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार सिंह व एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह, खोराबार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर कुलदीप मीणा व सीओ कैंट श्याम देव बिंद, पीपीगंज में एसडीएम कैंपियरगंज व सीओ कैंपियरगंज अजय कुमार सिंह, बड़हलगंज में एसडीएम गोला व सीओ गोला, बांसगांव में एसडीएम बांसगांव व सीओ बांसगांव, चौरीचौरा में एसडीएम चौरीचौरा व सीओ चौरीचौरा अखिलानंद उपाध्याय, गीडा में एसडीएम सहजनवां व सीओ कोतवाली विमल सिंह और सिकरीगंज थाने में एसडीएम खजनी व सीओ खजनी पहुंचे थे।