{"_id":"66e7f13fbff8e94ccb0491fe","slug":"number-of-women-security-guards-will-increase-in-gorakhpur-medical-college-there-will-be-monitoring-gate-2024-09-16","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"महिला सुरक्षा: गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में बढ़ाई जाएंगी महिला सुरक्षा गार्ड, हर गेट पर होगी निगरानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महिला सुरक्षा: गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में बढ़ाई जाएंगी महिला सुरक्षा गार्ड, हर गेट पर होगी निगरानी
Mon, 16 Sep 2024 02:20 PM IST
रोहित सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
Published by: रोहित सिंह
Updated Mon, 16 Sep 2024 02:20 PM IST
सार
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अभी करीब 115 कैमरे सक्रिय हैं, जिसमें से 50 एक सप्ताह पहले ही लगवाए गए हैं। अभी इन कैमरों को अलग-अलग जगहों से मॉनीटर किया जा रहा है। इस तरह कंट्रोल रूम में करीब 400 कैमरों का एक्सेस होगा। इसमें प्रवेश द्वार से लेकर मेडिकल कॉलेज, नेहरू अस्पताल, सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक, बाल रोग संस्थान, नर्सिंग कॉलेज, गर्ल्स हॉस्टल, ब्वायज हॉस्टल समेत परिसर में हर कोने में लगे कैमरों से क्षेत्र की निगरानी हो सकेगी।
विज्ञापन
बीआरडी मेडिकल कॉलेज
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
गोरखपुर में एम्स के बाद अब बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी महिला डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए महिला गार्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा सभी इंट्री प्वाइंट पर 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। परिसर में 50 नए सीसीटीवी कैमरे भी लगा दिए गए हैं। अब एक केंद्रीय निगरानी कक्ष बनाया जाएगा, जिसमें सभी सीसीटीवी कैमरों की मॉनीटरिंग होगी। यह कक्ष भी 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
विज्ञापन
कोलकाता मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद यूपी के मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दो दिन पहले एम्स प्रशासन ने यह व्यवस्था बनाई थी कि रात में ऑन कॉल ड्यूटी पर आने वाली महिला डॉक्टर को उसके आवास से लेकर अस्पताल तक पांच महिला सुरक्षा गार्डों की एक टीम सुरक्षा देगी। यह विशेष टीम डॉक्टर के साथ वार्ड में भी रहेगी।
विज्ञापन
इसके बाद अब बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भी महिला डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर प्रबंध किए जा रहे हैं। इमरजेंसी और स्त्री रोग विभाग के वार्ड में 24 घंटे महिला गार्ड की तैनाती कर दी गई है। तीनों शिफ्ट में महिला गार्ड मौजूद रहेंगी। वे डॉक्टर व अन्य महिला स्टाफ के साथ-साथ मरीज व उनके साथ आई महिला तीमारदार को भी सुरक्षा देंगी। इसके अलावा कॉलेज के सभी गेट पर भी सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे।
विज्ञापन
मेन गेट, अस्पताल भवन के गेट पर रहेगी सुरक्षा
अभी मेडिकल कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगती है। गेट के पास ही पुलिस चौकी भी है। जबकि सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक की तरफ कोई सुरक्षाकर्मी नहीं रहता। नेहरू अस्पताल में इमरजेंसी गेट पर सुरक्षा गार्ड रहते हैं, लेकिन प्राइवेट वार्ड, चेस्ट विभाग, 100 बेड चाइल्ड वार्ड की तरफ से भी प्रवेश मार्ग है।
सुपर स्पेशयलिटी, 500 बेड बाल रोग संस्थान और नर्सिंग कॉलेज की तरफ भी सुरक्षा के लिए प्रबंध जरूरी है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा गार्डों की तैनाती का ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। इसमें प्रत्येक गेट पर निगरानी के लिए सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी लगाने की योजना है। प्राइवेट वार्ड की तरफ ही गायनी वार्ड है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
कंट्रोल रूम से होगी पूरे परिसर की निगरानी
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अभी करीब 115 कैमरे सक्रिय हैं, जिसमें से 50 एक सप्ताह पहले ही लगवाए गए हैं। अभी इन कैमरों को अलग-अलग जगहों से मॉनीटर किया जा रहा है। जल्द ही एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा पूरे परिसर में लगभग 300 कैमरे और लगाए जाएंगे।
इस तरह कंट्रोल रूम में करीब 400 कैमरों का एक्सेस होगा। इसमें प्रवेश द्वार से लेकर मेडिकल कॉलेज, नेहरू अस्पताल, सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक, बाल रोग संस्थान, नर्सिंग कॉलेज, गर्ल्स हॉस्टल, ब्वायज हॉस्टल समेत परिसर में हर कोने में लगे कैमरों से क्षेत्र की निगरानी हो सकेगी।
यहां भी आठ-आठ घंटे के शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। ये कर्मचारी किसी भी अवांछनीय गतिविधि को देखते हुए प्रशासनिक अफसरों को इसकी जानकारी देंगे। साथ ही सिक्योरिटी इंचार्ज और चिकित्सा अधीक्षक को भी अलर्ट मैसेज देंगे।
एम्स की कार्ययोजना पर इसी सप्ताह लगेगी मुहर
बीआरडी मेडिकल कॉलेज की तरह ही एम्स प्रशासन ने भी परिसर में वृहद सुरक्षा उपायों का ब्लू प्रिंट तैयार किया है। यहां अस्पताल परिसर में तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन परिसर के खुले क्षेत्र की निगरानी अभी सुरक्षा कर्मियों पर ही निर्भर है। नई योजना में पूरा परिसर ही कैमरे की निगरानी में होगा।
बुधवार को एम्स आ रहे कार्यकारी निदेशक के सामने सुरक्षा के लिए बनी योजना के प्रस्तुतिकरण के बाद इसे लागू करने का निर्णय लिया जाएगा। हालांकि, इस योजना के एक पार्ट महिला डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए महिला गार्ड की तैनाती को क्रियान्वित करा दिया गया है।
प्राचार्य डॉ राजकुमार जायसवाल ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना सरकार को भेजी गई है। जल्द ही इसके लिए बजट आवंटित होने वाला है। तत्काल 50 कैमरे और कुछ लाइटें लगवा दी गई हैं। महिला गार्ड गायनी वार्ड व इमरजेंसी वार्ड में तैनात कर दी गई हैं।
नए गार्डों की तैनाती के साथ ही कॉलेज के सभी महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार से लेकर वार्ड के अंदर तक गार्ड लगाए जाएंगे। गर्ल्स हास्टल की तरफ भी महिला गार्डों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कैंपस की सभी सड़कों पर पथ प्रकाश के साथ सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे।