Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Now, there will be webcasting from 100 percent of the polling stations.

Gorakhpur News: अब सौ फीसदी मतदान केंद्रों की होगी वेबकास्टिंग

Fri, 27 Nov 2026 03:03 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 03:03 AM IST
विज्ञापन
Now, there will be webcasting from 100 percent of the polling stations.
- विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल की तैयारियों का चुनाव आयोग की टीम ने लिया जायजा
विज्ञापन

- गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल के 11 जिलों की समीक्षा बैठक में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त आयुक्त मनीष गर्ग ने दिए दिशा निर्देश
- एक माह में कमियां दूर करने का निर्देश, धमकी-लालच और चुनावी अपराधों पर होगी सख्ती

गोरखपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल की तैयारियों का जायजा चुनाव आयोग की टीम ने लिया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने कहा कि अब प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों की 100 फीसदी वेबकास्टिंग होगी। पिछले साल यह 50 फीसदी थी।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों पर सुविधाओं, कानून-व्यवस्था, चुनावी अपराधों, ईवीएम जागरूकता, वेबकास्टिंग, प्रशिक्षण, निगरानी व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
विज्ञापन

गोरखपुर, बस्ती और वाराणसी मंडल के 11 जिलों की समीक्षा में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जीरो एरर यानी त्रुटिरहित निर्वाचन व्यवस्था के लक्ष्य के साथ की जाएं। चुनाव से संबंधित प्रत्येक कार्य की समयबद्ध योजना बनाई जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में छोटी सी कमी भी मतदान प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसलिए मतदाता सूची, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम, चुनाव कर्मियों का प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी, निर्वाचन सामग्री और मतगणना से जुड़े सभी पहलुओं पर अभी से ध्यान दिया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से बैठक में अपने-अपने जनपद की तैयारियों का प्रजेंटेशन दिया गया। इसमें अब तक किए गए कार्य, शेष तैयारियां, संसाधनों की उपलब्धता तथा सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिलाओं और युवाओं को तलाश कर मतदाता बनवाने के निर्देश

बैठक के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि चुनाव की तैयारियों जो कमियां रह गई हैं उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कमियों को एक माह के भीतर दुरुस्त किया जाए। 18 और 19 वर्ष की आयु के युवाओं को प्रथम मतदाता यानी फर्स्ट वोटर के रूप में विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। दो साल के वोटर लिस्ट की समीक्षा में पाया गया कि मतदाता सूची में पहले 84-85 लाख मतदाता 18 और 19 वर्ष की आयु के थे अब करीब 73 लाख हैं। प्रदेश में इन आयु वर्ग के युवाओं की संख्या बड़ी है। ऐसे युवाओं को तलाशें और उन्हें मतदाता बनाएं, इसके निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह ढाई करोड़ महिलाएं मतदाता सूची से बाहर हैं। जेंडर रेशियो को सुधारने को कहा गया है। उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में नामों की स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है। 17 नवंबर को ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद मतदाताओं को सूची देखने, अपना नाम जांचने और आवश्यक सुधार कराने का अवसर दिया गया है।








28 और 29 नवंबर को चलाएं विशेष अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चल रहा है। 28 एवं 29 नवंबर को विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने तथा आवश्यक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।

-
हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करें मतदाता
मतदाता किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार कराने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि आम नागरिक अपनी शिकायत और समस्या निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचा सकें। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम की त्रुटियों को ठीक कराने तथा पुनरीक्षण से संबंधित समस्याओं के निस्तारण में हेल्पलाइन प्रभावी भूमिका निभाए।
-

मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान
निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सभी मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। इनमें स्वच्छ शौचालय, बिजली, पेयजल तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
--

स्वीप के माध्यम से मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर
बैठक में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए।

-
चुनाव में धमकी, लालच और दबाव से वोट मांगने वालों पर होगी कार्रवाई
निर्वाचन आयोग ने चुनाव को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मतदाताओं को डराने, धमकाने, प्रलोभन देने तथा किसी भी प्रकार के दबाव के माध्यम से मतदान प्रभावित करने वाले व्यक्तियों और समूहों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। निर्वाचन संबंधी अपराधों के मामलों की समीक्षा करें। कितने मामलों में अंतिम रिपोर्ट लगाई गई, कितने मामलों में आरोपपत्र दाखिल हुआ, कितने मामलों में कार्रवाई लंबित है तथा किन मामलों में कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाए।
-
ईवीएम को लेकर जागरूकता बढ़ाएं
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया समझाने के लिए तहसील मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों को इन कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा आम नागरिकों की शंकाओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
-

चुनावी खर्च पर निगरानी, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को सक्रिय रहने का निर्देश
निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के खर्च पर निगरानी रखने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। चुनावी खर्च की निगरानी में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा गया।
-
बाॅर्डर पर निगरानी बढ़ाएं
चुनाव के दौरान अवैध शराब, नकदी, हथियार तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री की आवाजाही रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को वाहनों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और अवैध सामग्री की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने को कहा गया। विशेष रूप से जनपदों की सीमाओं, अंतरजनपदीय मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अवैध रूप से शराब, धन, हथियार अथवा अन्य प्रलोभन सामग्री वितरित करने की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।


बैठक में उप निर्वाचन आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग भानु प्रकाश येतुरू, प्रकाश राजपुरोहित, प्रमुख सचिव भारत निर्वाचन आयोग अरविंद आनन्द, सचिव अजय कुमार वर्मा, संतोष कुमार दुबे, अवर सचिव आयोग प्रफुल्ल अवस्थी, दीप माला, गोरखपुर के कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा, वाराणसी के कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, बस्ती के कमिश्नर वैभव श्रीवास्तव, डीआईजी संजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed