बात-बात पर झगड़े: मेंढक की टर्र-टर्र पर बोले- भइया इंद्रदेव बरसेंगे, बरस पड़े पड़ोसी 'इंद्रासन'
वरिष्ठ मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपाल अग्रवाल ने कहा कि बढ़े तापमान का असर, शरीर के बाकी हिस्सों के साथ दिमाग तक भी पहुंच सकता है। इससे दिमाग की स्थिति और व्यवहार में भी असंतुलन पैदा हो सकता है। बोलते समय लड़खड़ाना, चिड़चिड़ाहट, भ्रम, बैचेनी जैसे लक्षण काफी सामान्य हैं।
विस्तार
गोरखपुर में उमस भरी भीषण गर्मी अब बवाल भी करा रही है। बुधवार की रात एक गांव में मेंढक की टर्र-टर्र सुनकर गर्मी से परेशान एक व्यक्ति ने कहा- लगता है कि इंद्रदेव बरसेंगे..। यह सुनकर पड़ोसी इंद्रासन ने सोचा कि उन्हें चिढ़ाया जा रहा है। फिर क्या था, दोनों पक्ष भिड़ गए। मारपीट हो गई। पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज कर दिया। जरा सी बात पर मारपीट और भिड़ने का यह पहला मामला नहीं है। यहां तो गर्मी में चिड़िचड़ेपन की नौबत यहां तक है कि मछली न मिलने पर हत्या या खून खराबा तक हो जा रहा है।
घटना, गुलरिहा थाना क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर दो के टोला लक्ष्मीपुर की है। अजीत प्रजापति और इंद्रासन का मकान अगल-बगल है। बुधवार रात 10 बजे अजीत प्रजापति का भाई सुजीत, लघुशंका के लिए घर की छत से नीचे उतरा। इस दौरान उसे मेंढ़क की टर्र टर्र की आवाज सुनाई दी तो बोल पड़ा- मेढ़क महाराज, सिर्फ बोलोगे कि बारिश भी होगी। मेंढक टर्र-टर्र कर रहा है, लगता है, इंद्रदेव बरसेंगे।
छत पर खड़े पड़ोसी इंद्रासन ने इसे खुद पर टिप्पणी माना। आरोप है कि वह गाली देने लगा। विरोध करने पर छत से नीचे आया और हाथापाई करने लगा। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करवा दिया।
इसे भी पढ़ें: दुष्कर्म नहीं कर पाए तो नौवीं के दो छात्रों ने की बच्ची की हत्या, चेहरे व शरीर पर डाला तेजाब
आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद इंद्रासन, लक्ष्मण और उनके भाई के दोनों लड़के अंकित व विकास लाठी-डंडा लेकर अजीत व सुजीत को पीटने लगे। इससे अजीत का सिर फट गया। सुबह पुलिस पहुंची और घायल अजीत का उपचार कराया। अजीत की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने चारों आरोपियों पर गंभीर धारा में केस दर्ज कर लिया और उनकी तलाश में जुटी है।
केस एक
एक जून 2023: चौरीचौरा इलाके के बैजूडीह गांव में शादी समारोह के दौरान भोजन में मछली कम मिलने पर गांव के कुछ युवकों ने दुल्हन के बाबा गेना गुप्ता (65) को पीटकर हत्या कर दी थी। वहीं, पथराव और मारपीट में दोनों पक्ष के आठ लोग घायल हो गए थे। मनबढ़ों ने दूल्हे की चेन भी लूट ली थी। शादी को पूरा कराने के लिए पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी थी। बाद में पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा था।
इसे भी पढ़ें: आम तोड़ने के विवाद में भाई ने की भाई की हत्या, सिर में डंडा लगने से हुई मौत
केस दो
13 जून 2023: सहजनवां के हरदी गांव में खेत में बकरी जाने को लेकर मारपीट हो गई। एक पक्ष से पूरा मलीन बस्ती एकजुट होकर हमलावर हो गया। इस मामूली बात पर मारपीट में कई लोगों को गंभीर चोट आई। पुलिस ने 25 नामजद और 100 अज्ञात लोगों पर हत्या की कोशिश, मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
केस तीन
29 मई 2023: रामगढ़ताल इलाके में दरवाजे पर पड़ोसी की भैंस आने पर उस पर भाला से हमला कर दिया गया। इस मामूली बात पर हमला करने पर भैंस के पेट में घाव आया और फिर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा था। आरोपी ने भैंस मालिक को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इसे भी पढ़ें: एकतरफा प्यार में पागल हुआ प्रेमी, बोला- मुझसे शादी नहीं करोगी तो वायरल कर दूंगा फोटो
इन स्थितियों में त्वरित बचाव के उपाय करना आवश्यक है। मानसिक स्थिति पर नजर रखने के साथ ही अन्य लक्षणों को भी ध्यान में रखें। जैसे शरीर के तापमान का अधिक बढ़ना, शरीर की नमी का कम होना और त्वचा का रूखा होना, पसीने का कम होना, जी घबराना, उल्टी आना, त्वचा का लाल पड़ना, सांसों का तेज चलना, धड़कनों का बढ़ जाना और सिरदर्द की समस्या पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।