Olympic 2020: ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को एक लाख रुपये का इनाम देगा गोरखपुर नगर निगम
नगर निगम बोर्ड बैठक में स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को दी गई बधाई, शहर के विकास संबंधी विभिन्न योजनाओं को मिली हरी झंडी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चौपड़ा को नगर निगम गोरखपुर एक लाख रुपये का इनाम देगा। साथ ही गोरखपुर आगमन पर नगर निगम की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। नगर निगम बोर्ड बैठक में ओलंपिक में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देने के साथ इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं बोर्ड बैठक के दौरान हंगामे के बीच शहर के विकास एवं नगर निगम की आय के संसाधन विकसित करने के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
शनिवार को एनेक्सी भवन में नगर निगम बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्रास नाली, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नगर निगम में भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। रुस्तमपुर वार्ड की पार्षद कंचनलता सिंह ने वार्ड में जलभराव की वजह सड़कों के टूटने, अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब रहने, गंदे पानी की सप्लाई होने आदि का मसला उठाया। अफरोज गब्बर ने सड़क के निर्माण में लेटलतीफी का मसला उठाया।
कहा कि एक सड़क को जांच के नाम पर पिछले डेढ़ साल से निर्माण कार्य बंद है। ऐसे में किसी भी जांच के पूरा होने की अंतिम समय सीमा तय होनी चाहिए। मनोनीत पार्षद रणंजय सिंह जुगनू ने मांग की कि जिस भी पार्षद के प्रस्ताव पर कोई भी निर्माण कार्य हो तो मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास के समय उस पार्षद का नाम भी अंकित हो। पार्षद तिवारी राजेश तिवारी ने क्रास नाली बनाने की मांग की। पार्षद राधेश्याम रावत ने मांग की कि विलो टेंडर अधिकतम 10 प्रतिशत से ज्यादा न हो। इसकी वजह से कार्य की गुणवत्ता खराब हो जाती है। साथ ही छुट्टा पशुओं के लिए भी अंत्येष्टि स्थल बनाने की मांग की।
पार्षद मोहम्मद मतीन ने जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने में होने वाली देरी पर रोक लगाने की मांग की। पुराना गोरखपुर के पार्षद ने वार्ड में पानी की पाइपलाइन बिछाने में धांधली का आरोप लगाया और जांच की मांग की। संजीव सिंह सोनू ने पेयजल की समस्या के निस्तारण में जलकल विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जानबूझकर वार्ड के लोगों को परेशान किया जा रहा है।
बृजेश सिंह छोटू, राजेंद्र तिवारी, आलोक सिंह विशेन, संजय यादव, शहाब अंसारी, इरशाद अहमद, मदन लाल अग्रहरि, अमरनाथ यादव ने भी विभिन्न मसलों को उठाया। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने एक सप्ताह के अंदर सभी कार्यों के प्रारंभ कराते हुए कार्यादेश में दी गई तिथि के अनुसार समय के अंदर कार्य पूरा कराने के लिए मुख्य अभियंता सुरेश चंद को निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सभी ठेकेदारों को नोटिस देकर 15 अगस्त तक सारे कार्य पूरा करा लेने का निर्देश दिया।
साथ ही बताया कि स्ट्रीट लाइट के संबंध मं संबंधित कंपनी को 17 लाख रुपये का भुगतान किया गया और हरेक वार्ड में 10-10 फीटिंग लगाने का निर्देश दिया गया है। बैठक में उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, चीफ इंजीनियर सुरेश चंद, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जलकल जीएम एसपी श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पार्षद अजय राय ने पार्षदों का बीमा कराने की मांग की
सिविल लाइंस वार्ड के पार्षद अजय राय ने नगर निगम के कर्मचारियों की तरह ही नगर निगम के सभी पार्षदों का 20 लाख रुपये का बीमा कराने की मांग की। सभी पार्षदों ने हाथ उठाकर पार्षद अजय राय के इस मांग का समर्थन किया।
हरिहर प्रसाद दुबे मार्ग के लिए सदन में धरने पर बैठे पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी
बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने हरिहर प्रसाद दुबे मार्ग को बनवाने की मांग को लेकर सदन में धरने पर बैठ गए। चेतावनी दी जब तक सड़क बनाने के संबंध में आश्वासन नहीं दिया जाता है तब तक धरने से नहीं उठेंगे। इसके बाद उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा समेत समाजवादी पार्टी के पार्षदों ने मान-मनौव्वल कर उन्हें धरने से उठवाया।
कोरोना संक्रमण से हुई मौतों के बेहतर ढंग से दाह संस्कार की तारीफ
मेयर सीताराम जायसवाल ने कोरोना संक्रमण के दौर में मृत व्यक्तियों के बेहतर ढंग से दाह संस्कार के लिए नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और इंफोर्समेंट टीम के प्रभारी कर्नल सीपी सिंह की भूमिका की तारीफ की। इसके अलावा अग्रवाल समाज के मृतक लोगों की अस्थियां सुरक्षित करने में निशुल्क बॉक्स बनाने वाले मुस्लिम युवक की सदन से तारीफ की। पार्षदों समेत नगर निगम के सभी अधिकारियों कर्मचारियों ने मेज थपथपाकर इसका स्वागत किया।
नगर निगम जारी करेगा 200 करोड़ का बांड
नगर निगम बोर्ड ने लखनऊ और गाजियाबाद की तर्ज पर गोरखपुर नगर निगम द्वारा बांड जारी करने पर मुहर लगा दी। नगर आयुक्त द्वारा लखनऊ एवं गाजियाबाद के तर्ज पर नगर निगम, गोरखपुर भी शासन की मंशा के अनुसार नगर निगम को स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एचडीएफसी बैंक के माध्यम से 200 करोड़ रुपये के बांड जारी करने के संबंध में जानकारी दी, जिस पर बोर्ड ने ध्वनिमत से मुहर लगा दी।
शनिवार को ही नगर निगम का एचडीएफसी बैंक से एमओयू हुआ था। बैंक के अधिकारियों ने बोर्ड बैठक के दौरान बांड संबंधी प्रजेंटेशन दिया। बताया कि नगर निगम की ओर से 200 करोड़ रुपये के बांड पर केंद्र सरकार की ओर से 26 करोड़ रुपये का अनुदान देगा। वहीं अगर 100 करोड़ रुपये का बांड जारी किया जाता है तो 13 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और आवासीय कॉलोनी पर भी बोर्ड की मुहर
नगर निगम बोर्ड ने नगर निगम की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए खाली जमीनों पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, आवासीय भवन, कॉलोनी समेत अन्य योजनाओं के विकसित करने पर मुहर लगा दी। इस दौरान नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि नगर निगम महानगर में नगर निगम की जो भी भूमि है उसपर शापिंग काम्प्लेक्स, आवासीय भवन के साथ ही अन्य योजनाओं को विकसित करने के साथ ही शहर के चौमुखी विकास करने के उद्देश्य से बांड जारी करेगा। जिसके तहत पीपीपी मॉडल से नगर निगम की बउद्देशीय योजनाएं तैयार कर नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाएंगे।
उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा
बोर्ड बैठक के दौरान सिविल लाइंस द्वितीय के पार्षद देवेंद्र गौड़ पिंटू ने नगर निगम की अव्यवस्थाओं को नज्म ‘‘जो तुमको हो पसंद वही बात कहेंगे। तुम दिन को अगर रात कहो तो रात कहेंगे।’’ के माध्यम से व्यक्त किया। वहीं नगर आयुक्त ने भी शायरी ‘‘सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं, मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए’’ के जरिए अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। कहा कि शहर के विकास के लिए वह सुबह से शाम तक लगे रहते हैं, बस उनकी एक ही कोशिश है कि कानपुर, प्रयागराज नगर निगम की तरह ही गोरखपुर नगर निगम का नंबर एक के पायदान पर खड़ा कर सकूं। साथ ही नगर निगम क्षेत्र की अव्यवस्थाओं को उन्होंने ‘‘उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, चेहरे पर थी धूल और आइना साफ करता रहा’’ के माध्यम से व्यक्त किया।