एमएमएमयूटी के नए कुलपति ने कहा, शोध को गांवों की ओर ले जाने की होगी कोशिश
यूपी की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो. जयप्रकाश पांडेय को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) का नया कुलपति नियुक्त किया है। प्रो. पांडेय को 27 जुलाई के पहले कार्यभार ग्रहण करना है।
अमर उजाला से बातचीत में प्रो. पांडेय ने बताया कि उनकी कोशिश होगी कि शोध को गांवों तक ले जाएं ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान खोजा जा सके। कोरोना महामारी को चुनौती की जगह अवसर के रूप में लेने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। प्रो. पांडेय ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से विद्यार्थियों और शिक्षकों को खुद को जोड़ने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें- रिमझिम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तस्वीरों में देखें शहर का नजारा
प्रो. पांडेय की नियुक्ति के संबंध में कुलाधिपति ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि एमएमएमयूटी के नवागत कुलपति प्रो. जेपी पांडेय का कार्यकाल नियुक्ति तिथि से तीन वर्ष की अवधि तक होगा।
वर्तमान कुलपति प्रो. एसएन सिंह का कार्यकाल 27 जुलाई को समाप्त हो रहा है। नवागत कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने डॉ. राममनोहर लोहिया यूनिवर्सिटी फैैजाबाद से 1987 में बीटेक और 2001 में एमटेक की डिग्री हासिल की।
गोविवि कुलपति का कार्यकाल एक माह बढ़ा
इसके बाद उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी से 2006 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी पूरा किया। प्रो. पांडेय को नेशनल ई-गवर्नेस अवार्ड 2013 तथा लीडरशिप इन क्वालिटी अवार्ड, पेरिस से भी नवाजा जा चुका है। प्रो. पांडेय का नवीतम रिसर्च पॉवर सिस्टम, नेचुरल नेटवर्क एंड फ्यूजी सिस्टम पर है।
कुलाधिपति ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीके सिंह का कार्यकाल एक महीने के लिए बढ़ा दिया है। कुलाधिपति ने एक माह या नियमित कुलपति की नियुक्ति होने या अगले आदेश तक उनके कार्यकाल का विस्तार किया है।
कुलपति का कार्यकाल 28 अप्रैल को ही पूरा हो गया था, लेकिन कुलाधिपति ने तीन माह के लिए कार्यकाल बढ़ा दिया था। 28 जुलाई को कुलपति का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इससे पहले ही कुलाधिपति ने फिर से कार्यकाल बढ़ा दिया है।