{"_id":"6154809c8ebc3e629552934c","slug":"manish-gupta-kanpur-businessman-murder-case-news-forensic-team-investigated-in-hotel-room-gorakhpur","type":"story","status":"publish","title_hn":"मनीष गुप्ता हत्याकांड: होटल के कमरे में फोरेंसिक टीम ने की जांच, कूड़ेदान में मिला ये सामान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मनीष गुप्ता हत्याकांड: होटल के कमरे में फोरेंसिक टीम ने की जांच, कूड़ेदान में मिला ये सामान
Thu, 30 Sep 2021 10:32 AM IST
vivek shukla
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
अमर उजाला नेटवर्क, गोरखपुर।
Published by: vivek shukla
Updated Thu, 30 Sep 2021 10:32 AM IST
सार
फोरेंसिक टीम की जांच से पहले ही होटल का कमरा साफ कर दिया गया था। कूड़ेदान में शराब की बोतल, सिगरेट के डिब्बे और खून लगा कपड़ा मिला है।
विज्ञापन
मृतक कारोबारी मनीष। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल इलाके में कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत मामले में मंगलवार रात दो घंटे तक फोरेंसिक टीम ने होटल कृष्णा पैलेस के कमरे की जांच की। हालांकि, फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले ही कमरे और बरामदे की सफाई कर दी गई थी, जिस वजह से कुछ खास नहीं मिला। टीम को कूड़ेदान से शराब की खाली बोतल व सिगरेट का डिब्बा, खून लगे कुछ कपड़े मिले हैं, जिसे नमूने के लिए साथ ले जाया गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6 बजे टीम होटल कृष्णा पैलेेस के उस कमरे में पहुंची, जहां पर कारोबारी की मौत हुई थी। कमरे की सफाई हो जाने के कारण कुछ खास हासिल नहीं हो सका, लेकिन यह समझने की कोशिश की गई कि गिरने से मौत हो सकती है या नहीं। फोरेंसिक टीम रात 8.15 बजे तक कमरे में मौजूद रही। कमरे के एक-एक कोने की जांच की। जो भी वहां मिला है उसके आधार पर जांच करने की कोशिश की जा रही है। अंगुलियों के निशान तलाशे जा रहे हैं। हालांकि फोरेंसिक टीम कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन
सीन री-क्रिएट करके मनीष की मौत का सच जानेगी पुलिस
गोरखपुर। तारामंडल क्षेत्र के होटल कृष्णा पैलेस में कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत कैसे हुई, इसे जानने के लिए पुलिस सीन री-क्रिएट कराएगी। इसके जरिए जानने की कोशिश की जाएगी कि कारोबारी की मौत कैसे हुई? एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कारोबारी के मौत का सीन री-किएट पुलिस जल्द कराएगी। इसकी मदद से समझ में आएगा कि आखिर उस रात असल में वहां पर हुआ क्या था।
विज्ञापन
होटल कृष्णा पैलेस की सीसीटीवी फुटेज जब्त
कारोबारी की हत्या की जांच गोरखपुर पुलिस ने शुरू कर दी है। होटल कृष्णा पैलेस से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली गई है। होटल में प्रवेश करने, लिफ्ट, बरामदे की अलग-अलग फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही रामगढ़ताल थाना, मानसी अस्पताल व बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच भी की जाएगी। पुलिस पता लगाने का प्रयास करेगी कि घटना सोमवार की रात कितने बजे हुई? फिर क्या-क्या हुआ? कारोबारी को पुलिस लेकर कहां-कहां गई?
कारोबारी के दोस्तों का मेडिकल भी कराया
हत्या का केस दर्ज करने के बाद गोरखपुर पुलिस ने कारोबारी के साथ होटल कृष्णा पैलेस के कमरे में ठहरे गुरुग्राम के हरवीर सिंह व प्रदीप कुमार का मंगलवार देर रात जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है। पुलिस ने दोनों के बयान भी दर्ज किए हैं। इसके बाद दोनों दोस्त गोरखपुर से गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए। दोस्तों का कहना है कि पुलिस जब भी पूछताछ या जांच के सिलसिले में बुलाएगी, वे आ जाएंगे। दोस्त मनीष गुप्ता की मौत से दुखी हैं। जांच-पड़ताल से पीछे नहीं हटेंगे। हर मौके पर खड़े रहेंगे। जो बयान दिया है, उससे पीछे नहीं हटेंगे।