सैकड़ों किलोमीटर का सफर पूरा कर ससुराल पहुंचा युवक, पत्नी ने इस डर से नहीं खोला दरवाजा
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से पत्नी को विदा कराने गोरखपुर जिले के बड़हलगंज में एक युवक आया हुआ था। उसे देखकर पुलिस ने पकड़ लिया और क्वारंटीन सेंटर पहुंचा दिया।
शाहजहांपुर जनपद के गढ़िया रंगीन के युवक की शादी बड़हलगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती से 26 जनवरी 2019 को हुई थी। कुछ माह बाद युवती बड़हलगंज आ गई। 13 अप्रैल को पत्नी की विदाई कराकर साथ ले जाने के लिए युवक बड़हलगंज आया था।
युवक ने बताया कि 13 अप्रैल से ही वह ससुराल में था। कई बार कहने के बाद भी ससुराल के लोगों ने उनकी पत्नी को विदा नहीं किया। कोरोना और लॉकडाउन की वजह से पत्नी ने भी दरवाजा बंदकर भगा दिया।
पुलिस ने किया क्वारंटीन
युवक के पास कोई चारा न होने उसने पुलिस की मदद लेने की सोची और कोतवाली पहुंच कर पुलिस को अपनी समस्या बताई। शाहजहांपुर का नाम सुनते ही पुलिस ने उसे बड़हलगंज पूर्व माध्यमिक स्कूल में क्वारंटीन करा दिया।
कोतवाल रामाज्ञा सिंह ने बताया कि युवक शाहजहांपुर से आया है। ससुराल पक्ष के लोगों ने कोरोना को ध्यान में रखने और लॉकडाउन के चलते विदाई के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में उसे क्वारंटीन कराया गया है।