देवरिया: पोखरे में डूबने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खुखुंदू थाना क्षेत्र के बीरपुर मिश्र गांव में मंगलवार की भोर में घर से शौच करने निकले एक 52 वर्षीय व्यक्ति की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बीरपुर मिश्र निवासी मृतक हंसनाथ गोड़ (52) परिवार के इकलौते कमाऊं सदस्य थे। मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की भोर में वह घर से गांव के दक्षिण स्थित पोखरे की तरफ शौच करने गए थे। बताया जा रहा है कि शौच के बाद पानी में हाथ धोने के दौरान उनका पैर फिसल गया। जिससे वह पानी में गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
सुबह टहलने निकले गांव के लोगों ने पोखरे में शव देख घरवालों और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद पत्नी मंजू देवी और पांच बेटियों रो रोकर बुरा हाल है। बेटा कन्हैया मां और बहनों का ढांढस बढ़ा रहा था। एसओ मुकेश कुमार मिश्र ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घर में एकलौते बेटे की शादी की चल रही थी तैयारी
मेहनत और मजदूरी की बदौलत ही हंसनाथ अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इसके अलावा बेटे और चार बेटियों के हाथ पीले करने की भी उनके कंधों पर जिम्मेदारी थी। जबकि एक बेटी की पहले ही शादी कर चुके थे। हाल ही में वह एकलौते बेटे की भी शादी तय कर रखे थे। घर में चारों तरफ खुशियों का माहौल था। हंसनाथ की छह संतानों में सबसे बड़ी बेटी मुन्नी थी। इसके बाद इकलौता बेटा कन्हैया कुमार है।
बड़ी बेटी की शादी करने के बाद हंसनाथ घर में बहु लाने की तैयारी में जुटे थे। वह बेटे की शादी मई में तय कर रखे थे। शादी तय करने के बाद वह कहीं से भी मजदूरी के रुपये लाते थे तो पत्नी मंजू देवी से धीरे-धीरे शादी के समान खरीदते रहने के लिए सलाह दे रहे थे। अब कन्हैया के कंधे पर एक तरफ उसकी शादी और दूसरी तरफ चार बहनों प्रीती, बेबी, खुशी और नीलम के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी आ गई है।