CCTV से हो रही निगरानी: गोरखपुर में खूब भरे फर्राटा, अब भरना होगा जुर्माना
एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर शहर में वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए चालान काटकर जुर्माना वसूला जाता है। मोहद्दीपुर से पैडलेगंज और नौका विहार रोड पर स्पीड जांचने वाले कैमरे लगाए गए हैं। अन्य जगहों पर यातायात पुलिस जांच करके कार्रवाई करती है।
विस्तार
गोरखपुर शहर के भीतर मनमानी रफ्तार से गाड़ी चलाने की कीमत चुकानी पड़ेगी। ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित करके पुलिस ने चार माह में 3596 वाहनों का चालान करके पौने सात लाख का जुर्माना लगाया है। मोहद्दीपुर से पैडलेगंज और नौका विहार रोड पर वाहनों की अधिक रफ्तार पर लगाम कसने के रोजाना कार्रवाई हो रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में बाइक के लिए 60 किमी प्रति घंटे और कार की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तय किया गया है। फिर भी कुछ लोग अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे।
शहर के 23 चौराहों पर इंटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगा है। इनमें मोहद्दीपुर से लेकर पैडलेगंज तक और नौका विहार रोड पर स्पीड जांचने वाले कैमरे लगे हैं। इन कैमरों के सामने से गुजरने पर वाहनों की रफ्तार दर्ज हो जाती है।
आईटीएमएस के कंट्रोल रूम में बैठे कर्मचारी कंप्यूटर पर वाहनों की गति की जांच करके उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालान का मैसेज भेज देते हैं। यातायात कार्यालय के अनुसार जनवरी से अप्रैल के बीच 70 से अधिक रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले 3596 वाहनों का चालान काटकर पुलिस ने 677000 रुपये का जुर्माना लगाया है।
मोबाइल से बात करने वाले देंगे 499000 रुपये
शहर में वाहन चलाते समय मोबाइल से बात करने वाले 4,99,000 रुपये का राजस्व देंगे। चार माह के भीतर वाहन चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग करने पर पुलिस ने 576 लोगों का चालान काटा है। बिना सीट बेल्ट बांधे कार चलाने वाले 1987 वाहनों का चालान हुआ है, जिनके मालिकों से 8,95,000 का अर्थदंड लिया जाएगा। राह चलते हुए गलत तरीके से लेन बदलने वाले भी अपनी हरकत की कीमत चुकाएंगे। ऐसे कुल 4660 लोगों का चालान काटकर पुलिस ने 787000 रुपये के जुर्माने का मैसेज भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें: एम्स में 83 वर्ष की महिला के चेहरे की हड्डी से निकाला गया ट्यूमर, डॉक्टरों ने खड़े कर दिए थे हाथ
यहां शराब पीकर वाहन नहीं चलाते लोग
शहर की सड़कों पर लोग शराब पीकर वाहन नहीं चलाते हैं। यह हम नहीं, यातायात पुलिस के आंकड़े कह रहे हैं। जनवरी से अप्रैल माह के अंत तक सिर्फ पांच लोग शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। इनके खिलाफ 10,000 रुपये का जुर्माना लगा, जबकि तीन सवारी बैठकर बाइक पर चलने वाले 8993 लोगों का चालान काटकर पुलिस 673500 रुपये का चालान भेज चुकी है।
मालामाल कर रहे बिना हेलमेट वाले बाइक सवार
एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर शहर में वाहनों की गति को नियंत्रित करने के लिए चालान काटकर जुर्माना वसूला जाता है। मोहद्दीपुर से पैडलेगंज और नौका विहार रोड पर स्पीड जांचने वाले कैमरे लगाए गए हैं। अन्य जगहों पर यातायात पुलिस जांच करके कार्रवाई करती है।