Gorakhpur News: 10 घंटे गुल रही गोलघर-विजय चौक समेत 30 हजार से अधिक घरों की बत्ती
विद्युत निगम के टाउनहाल उपकेंद्र की लाइन में गड़बड़ी के कारण जिला अस्पताल में छह घंटे तक बिजली कटी रही। इस वजह से डिजिटल एक्सरे नहीं हो पाया। मरीजों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे एक्सरे कक्ष खुला तो बिजली नहीं थी। डिजिटल एक्सरे मशीन के लिए जेनरेटर की लाइन पर्याप्त नहीं होती है।
विस्तार
गोरखपुर जिले में मोहद्दीपुर न्यू ट्रांसमिशन के भूमिगत लाइन में फाल्ट आने से टाउनहाल और विश्वविद्यालय बिजली उपकेंद्र से जुड़े 20 हजार से अधिक घरों में बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे बिजली गुल हो गई। इससे गोलघर, विजय चौक, काली मंदिर चौक, धर्मशाला बाजार के अलावा आसपास के अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
सुबह से ही बिजली गुल होने से व्यापार प्रभावित होने के साथ बैंकों के कामकाज में भी बाधा आई। इन इलाकों में 10 घंटे बाद शाम करीब 4 बजे स्थिति सामान्य हुई। व्यापारियों ने बताया कि सुबह 6 बजे से ही इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी।
बिजली निगम के मुताबिक, मोहद्दीपुर न्यू ट्रांसमिशन उपकेंद्र से विश्वविद्यालय और टाउनहाल के साथ धर्मशाला बिजली घर तक आपूर्ति होती है। मोहद्दीपुर इलाके में भूमिगत केबल में अचानक फाल्ट आ गया। सुबह से ही बारिश होने के चलते अधिकतर इलाकों में जलभराव था, इससे फाल्ट खोजने में भी परेशानी हुई। टीम ने करीब 11 बजे मोहद्दीपुर चौराहे पर खुदाई कर भूमिगत केबल के बाहर निकाला। तकरीबन तीन घंटे बाद केबल के एक सर्किट से टाउनहाल बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति शुरू कर दी गई।
दोपहर 2 बजे आपूर्ति शुरू होने के बाद भी बिजली लाइन होल्ड नहीं होने से दिक्कत बनी रही। इधर, विश्वविद्यालय उपकेंद्र की लाइन का फाल्ट बनाने में अधिक समय लग गया। शाम को 4:30 बजे के करीब फाल्ट सही कर आपूर्ति शुरू की जा सकी। इसके अलावा मोहद्दीपुर न्यू ट्रांसमिशन से धर्मशाला बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रभावित रही। यहां भी भूमिगत केबल में फाल्ट आने से उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
काम और व्यापार प्रभावित हुआ
सुबह 11 बजे कर्मचारी बैंक गया था तो बैंक कर्मियों ने बताया कि सर्वर बंद हो गया है। लंबे समय तक आपूर्ति ठप होने पर काम और व्यापार प्रभावित हुआ।- आनंद रूंगटा, रूंगटा एजेंसी, विजय चौक
सुबह से लेकर शाम तक बिजली कटौती से व्यापार काफी प्रभावित हुआ। ग्राहकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।हालांकि, लंबे समय बाद इस तरह की दिक्कत हुई।-अभिषेक शाही, व्यापारी
मोहद्दीपुर ट्रांसमिशन की भूमिगत केबल में फाल्ट होने से तीन बिजलीघरों की लाइन अलग-अलग समय के लिए बंद हो गई थी। बारिश के बीच भूमिगत केबल के फाल्ट को सही करवाया गया। इसमें थोड़ा समय लग गया।- लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता शहरी
जिला अस्पताल : बत्ती गुल नहीं हो पाया डिजिटल एक्सरे
विद्युत निगम के टाउनहाल उपकेंद्र की लाइन में गड़बड़ी के कारण जिला अस्पताल में छह घंटे तक बिजली कटी रही। इस वजह से डिजिटल एक्सरे नहीं हो पाया। मरीजों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे एक्सरे कक्ष खुला तो बिजली नहीं थी। डिजिटल एक्सरे मशीन के लिए जेनरेटर की लाइन पर्याप्त नहीं होती है। इसलिए एक्सरे रोक दिया गया। अस्पताल प्रबंधन ने विद्युत निगम के कर्मचारियों से बात की तो पता लगा कि बिजली आपूर्ति में समय लगेगा। दोपहर लगभग एक बजे बिजली आई तो अधिकांश रोगी जा चुके थे। चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अंबुज श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली कटने की वजह से डिजिटल एक्सरे नहीं हो पाया। बृहस्पतिवार को वापस गए मरीजों का शुक्रवार को प्राथमिकता के आधार पर एक्सरे कराया जाएगा।