खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना: अफसरों से मिलकर फिर उड़ने लगी खोराबारवासियों की नींद, वार्ता बेनतीजा
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में खोराबार योजना के लोगों को बुलाकर बातचीत की जा रही है। मुलाकात सकारात्मक रही। आगे भी बातचीत जारी रहेगी। जनहित और विकास हित में निर्णय लिए जा रहे हैं। जल्द ही समाधान होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएम योगी से राहत मिलने के बाद खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए अधिग्रहित क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने मंगलवार को जीडीए अफसरों से मुलाकात की। एक घंटे और दो दौर में हुई बातचीत बेनतीजा रही। वजह यह रही कि प्रभावित लोगों ने अधिकारियों को सीएम के निर्देशानुसार मौके पर आकर बातचीत करने की मांग की। उधर, जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि अभी सिर्फ खाली जमीन पर पड़े टीन शेड वाली बाउंड्री तोड़ी जाएंगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। अफसरों से मिलने के बाद खोराबार वासी फिर थोड़े तनाव में दिखे। उनका कहना है कि सीएम से मिले आश्वासन के अनुसार अफसरों का रवैया महसूस नहीं हुआ, इसलिए उनकी नींद फिर उड़ने लगी है।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए अधिग्रहित क्षेत्र से जीडीए अतिक्रमण हटा रहा है। इस क्षेत्र में करीब 550 मकान बने हुए हैं, जिनमें लोग परिवार के साथ निवास करते हैं। क्षेत्र में बुलडोजर चलने से परेशान लोगों ने सीएम से मिलकर मदद की गुहार लगाई थी।
सीएम ने अधिकारियों को सांसद और विधायक के साथ मोहल्लों में जाकर समस्या के निस्तारण का निर्देश दिया। लेकिन अधिकारियों की तरफ लोगों को जीडीए कार्यालय बुलाया गया। हालांकि लोग इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन विधायक विपिन सिंह के कहने पर दो चरणों में 35 लोग जीडीए पहुंचे।
इस दौरान जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, सचिव उदय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों के सामने बातचीत हुई। उपाध्यक्ष ने लोगों को बताया कि पहले हम टीन शेड वाले खाली प्लॉट की चहारदीवारी को तोड़ेंगे। इसमें आप लोग बाधा नहीं उत्पन्न करेंगे। दूर-दूर बने मकानों को उचित मुआवजा देकर हम उन्हें भी हटाएंगे। ऐसे लोग चाहेंगे तो जीडीए की योजना में फ्लैट ले लेगें। उन्हें निम्न श्रेणी का फ्लैट दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीसरे राउंड में घनी आबादी वाले क्षेत्र का सर्वे करके उसे टाउनशिप एरिया में शामिल कर दिया जाएगा। लोगों ने कहा कि उनके मकानों का मालिकाना हक उनको दे दिया जाए। इस पर जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि यह लंबी प्रक्रिया है।
जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में खोराबार योजना के लोगों को बुलाकर बातचीत की जा रही है। मुलाकात सकारात्मक रही। आगे भी बातचीत जारी रहेगी। जनहित और विकास हित में निर्णय लिए जा रहे हैं। जल्द ही समाधान होगा।