Mafia Vinod Upadhyay: गुरु ने सूद में लगवाई विनोद की काली कमाई...अब बढ़ सकती है रार
विनोद के सहयोगी गुरुजी के नाम की चर्चा उसके लोगों में खूब है। सूत्रों के मुताबिक, गुरुजी विनोद के नाम की धमक देकर व्यापारियों व जरूरतमंदों को आठ से दस लाख रुपये ब्याज पर देकर उनसे 10 से 15 प्रतिशत तक वसूली करता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
माफिया विनोद उपाध्याय की काली कमाई का मोटा हिस्सा गुरु नाम से कुख्यात एक खास ने सूद के धंधे में लगवाई थी। गुरु10 वर्ष पहले गुजरात से गोरखपुर आया था। विनोद ने शहर में अलग-अलग इलाकों में कुछ व्यापारियों के साथ मिलकर अपनी काली कमाई खपाई थी। अब जब विनोद नहीं रहा तो काले धंधे के हिस्सेदारों और उसके करीबियों के बीच रकम को लेकर तकरार हो सकती है। सूत्रों की मानें तो कुछ सहयोगी सूद की इस रकम को माफिया के परिवार के लोगों को दिलाना चाहते हैं।
विनोद के सहयोगी गुरुजी के नाम की चर्चा उसके लोगों में खूब है। सूत्रों के मुताबिक, गुरुजी विनोद के नाम की धमक देकर व्यापारियों व जरूरतमंदों को आठ से दस लाख रुपये ब्याज पर देकर उनसे 10 से 15 प्रतिशत तक वसूली करता था। विनोद कुछ जगहों पर वह ब्याज में साझेदार था तो कुछ लोगों से मोटी रकम देकर प्रतिमाह 8 से 10 प्रति ब्याज वसूल करवाता था।
राजेंद्रनगर के एक किराना व्यापारी को विनोद के इस खास सहयोगी ने करीब 10 लाख रुपये ब्याज पर दिया था। ये रुपये विनोद के थे। प्रतिमाह की दर से ब्याज लेना था, लेकिन कुछ दिन के बाद व्यापारी ने देना बंद कर दिया। पहले प्रतिमाह 15 से 20 प्रतिशत के हिसाब से वसूली होती थी। सूत्रों के मुताबिक, यह रकम बढ़कर करीब 25 लाख रुपये हो गई।
इसके बाद किराने की दुकान पर गुरुजी जी ने ताला लटका दिया। डर-सहम कर ब्याज देने में असमर्थ व्यापारी घर छोड़कर नेपाल चला गया। ऐसे ही राजेंद्रनगर के एक जमीन कारोबारी को भी 15 लाख रुपये ब्याज पर दिए गए थे। वर्तमान में देनदारी 25 लाख रुपये हो गई है। विनोद की मौत के दो दिन पहले ही उसके सहयोगी की ओर से ब्याज न दिए जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसके अलावा गुरुजी ने पीपीगंज के एक सरकारी कर्मचारी को भी पांच लाख रुपये ब्याज पर दिलवाया था। आठ लाख रुपये कर्मचारी पर देनदारी लग चुकी है।
इसे भी पढ़ें: एक आवाज पर जुट जाते थे सैकड़ों, अंतिम संस्कार में मुट्ठी भर लोग भी नहीं; सबसे करीबी झांके तक न
पांच लाख कारतूस खर्च दिखाया तो कर लिया था किनारा
गोरखपुर से फरेंदा के बीच स्थित सरुआताल से मछली पकड़ने के काम पर विनोद और उसकी टीम का कब्जा था। यहां से मछलियों के अवैध कारोबार के साथ प्रतिदिन की वसूली होती थी। सूत्रों की मानें तो छह से सात वर्ष पहले इसमें गुरुजी ने पांच लाख रुपये का खेल कर दिया था। सूत्र बताते हैं कि पैरवी के दौरान विनोद ने जब रुपये का हिसाब लिया तो गुरुजी ने पांच लाख रुपये कारतूस खरीदने में खर्च होने की बात कही। दस दिन बाद ही उसने वापस लौटा दिए। हालांकि तभी से माफिया ने गुरुजी से किनारा कर लिया।
इसे भी पढ़ें: कब्जे छुड़वा जमाए गए जमीन मालिकों की हत्या की फिराक में था विनोद, कत्ल करा दहशत फैलाना था मकसद
परिवारवाले अब इन रुपयों के लिए तरस न जाएं
सूत्र बताते हैं कि विनोद ने कई जमीनों की रजिस्ट्री गुरुजी और तीन अन्य सहयोगियों के नाम पर करवाई थी। विनोद का छोटा भाई संजय जेल में है। बड़े भाई की तबीयत खराब है। दो अन्य भाई अपराध से दूर रहे हैं। विनोद का एक साला है, जो धंधों में साथ रहता था। जबकि, पत्नी और बच्चे दिल्ली रहते थे। ऐसे में चर्चा यह भी है कि विनोद की काली कमाई शायद ही परिवार को मिल पाए।