{"_id":"67eae687f1890ef5990c82e9","slug":"gorakhpur-news-march-closing-on-the-last-day-there-was-a-shower-of-money-for-development-work-got-120-crores-gorakhpur-news-c-7-hsr1010-888096-2025-04-01","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मार्च क्लोजिंग का अंतिम दिन : गोरखपुर में विकास कार्यों के लिए हुई धनवर्षा...मिले 120 करोड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मार्च क्लोजिंग का अंतिम दिन : गोरखपुर में विकास कार्यों के लिए हुई धनवर्षा...मिले 120 करोड़
Tue, 01 Apr 2025 12:31 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 01 Apr 2025 12:31 AM IST
सार
बीते फरवरी में ही स्पोर्ट्स काॅलेज से करीमनगर चौराहा होते हुए झुंगिया और झुंगिया से फर्टिलाइजर तक की सड़क को फोरलेन बनाने की वित्तीय व प्रशासनिक सहमति दी गई थी। इस 5.25 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 279 करोड़ 20 लाख 95 हजार रुपये खर्च होंगे।
विज्ञापन
मार्च क्लोजिंग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन गोरखपुर में विकास कार्यों के लिए खूब धनवर्षा हुई। स्पोर्ट्स कॉलेज से करीमनगर होते हुए फर्टिलाइजर तक फोरलेन सड़क के निर्माण और ताल कंदला में बनने वाले पशु चिकित्सा महाविद्यालय के लिए धन जारी हो गया। अन्य विभागों में भी मांग के अनुरूप बजट देर शाम तक जारी होते रहे।
विज्ञापन
रात नौ बजे तक विकास कार्यों के लिए 120 करोड़ की धनराशि मिली। वहीं, पिछले कार्यों के बिल वाउचर के सापेक्ष करीब 350 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया। इस बार 30 व 31 मार्च को अवकाश होने के चलते एक सप्ताह पहले से ही मार्च क्लोजिंग को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई थी। विभागों को अपने पुराने बिल 25 मार्च तक ट्रेजरी में जमा करने का निर्देश दिया गया था।
विज्ञापन
28 तारीख तक बिल एकत्रित कर, भुगतान के लिए बजट मांगे गए थे। 30 मार्च को ही करीब एक हजार बिल-वाउचर भुगतान के लिए प्रस्तुत किए गए। सोमवार को ईद के अवकाश के बावजूद कोषागार और सरकारी धन का आहरण वितरण करने वाली सरकारी बैंकों की प्रमुख शाखाएं खुली रहीं। दिनभर कोषागार से लेकर बैंकों तक कर्मचारियों का आना-जाना लगा रहा।
विज्ञापन
मुख्य कोषाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अंतिम दिन 31 मार्च को रात नौ बजे तक जिले को 120 करोड़ रुपये मिले। इसमें सबसे अधिक 80 करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग के खाते में भेजे गए। इनमें से अधिकांश धन नई सड़कों के निर्माण के लिए है।
इसके अलावा पशु चिकित्सा महाविद्यालय को 20 करोड़, डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर को 10 करोड़ और उच्च शिक्षा विभाग के जीपीएफ खाते में भी 10 करोड़ रुपये भेजे गए।
एक तरफ जहां खाते में धन आए, वहीं पहले से जमा बिलों के भुगतान में भी खूब तेजी दिखी। रात में नौ बजे तक करीब 350 करोड़ रुपये के पुराने बिलों का भुगतान किया गया।
स्पोर्टस कॉलेज-करीमनगर-फर्टिलाइजर फोरलेन पर खर्च होंगे 279 करोड़
बीते फरवरी में ही स्पोर्ट्स काॅलेज से करीमनगर चौराहा होते हुए झुंगिया और झुंगिया से फर्टिलाइजर तक की सड़क को फोरलेन बनाने की वित्तीय व प्रशासनिक सहमति दी गई थी। इस 5.25 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 279 करोड़ 20 लाख 95 हजार रुपये खर्च होंगे।
सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहण पर 140 करोड़ व मकानों का मुआवजा देने पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। संयुक्त सचिव सोमनाथ की तरफ से बजट स्वीकृत करने की सूचना जारी करते हुए भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सड़क निर्माण के साथ ही पानी और बिजली की लाइन भी शिफ्ट की जाएगी। बजट मिलने के बाद जल्द ही इस सड़क पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
देर शाम तक खुली रहीं प्रमुख बैंकों की शाखाएं
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन सरकारी धन का आहरण वितरण करने वाली सरकारी बैंकों की शाखाएं खुली थीं। वहां पूरे दिन सरकारी खातों में धन ट्रांसफर होते रहे। बैंक कर्मियों ने अपने रिकाॅर्ड भी साथ के साथ अपडेट किए। देर शाम तक बैंकों में काम होता रहा।
अंतिम दिन करीब 120 करोड़ रुपये विभिन्न विभागों के खातों में ट्रांसफर किए गए। वहीं, 350 करोड़ से अधिक के पुराने बिलों का भुगतान कराया गया: प्रवीण कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी