फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   Gorakhpur News: Double engine government is committed to sports and players

Gorakhpur News: खेल और खिलाड़ियों के लिए प्रतिबद्ध है डबल इंजन की सरकार

Sun, 27 Oct 2024 02:57 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 27 Oct 2024 02:57 AM IST
विज्ञापन
Gorakhpur News: Double engine government is committed to sports and players
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार खेलों को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया, सांसद खेल स्पर्धा, फिट इंडिया मूवमेंट आदि से देश में खेलों का बेहतरीन माहौल बना है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से ओलंपिक एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को दो करोड़ रुपये देने की व्यवस्था तय की गई है।
विज्ञापन




मुख्यमंत्री रामगढ़ताल में आयोजित 25वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इसके तहत युद्धस्तर पर प्रदेश की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान व ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन




उन्होंने कहा कि मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश के पहले और विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से ओलंपिक एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेताओं के साथ ओलंपिक की टीम स्पर्धा में यह राशि क्रमशः 3, 2 व 1 करोड़ रुपये है। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन




उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। कामनवेल्थ खेल और विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता को 1.5 करोड़, रजत पदक विजेता को 75 लाख व कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसी तरह सैफ और नेशनल गेम्स में भी विजेताओं को नकद राशि से पुरस्कृत किया जाता है।



-----



खिलाड़ियों को भरपूर आर्थिक मदद दे रही सरकार



सीएम योगी ने कहा कि पुराने खिलाड़ियों को सरकार कोच के रूप में नियुक्त कर उन्हें प्रतिमाह डेढ़ लाख रुपये मानदेय दे रही है। पदम् पुरस्कार वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए सरकार की तरफ से प्रतिमाह 20 हजार रुपये वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही अशक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 6 हजार और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को प्रतिमाह 4 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 140 खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष से आर्थिक सहायता दी गई है।





शानदार करियर बनाने का भी सशक्त माध्यम है खेल: सीएम



सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ अब शानदार करियर बनाने का भी सशक्त माध्यम बन गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति बनाकर ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले यूपी के खिलाड़ियों को शासकीय सेवाओं में सीधी नौकरी देने का शासनादेश जारी कर रखा है। टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी की नौकरी दी गई है। इस बार के ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी राजकुमार पाल को भी नौकरी देने की घोषणा की आज चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को शासकीय सेवाओं से जोड़ा जा चुका है।



-----



प्रभु राम की कृपा से आकर्षण और प्रतियोगिता का गढ़ बन गया रामगढ़ताल


रामगढ़ताल में दूसरी बार रोइंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से प्रसन्न मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उनके लिए अतिरिक्त प्रसन्नता का क्षण है। 10 वर्ष पूर्व जो रामगढ़ताल पूर्वी उत्तर प्रदेश के अपराध का गढ़ था, वह आज प्रभु राम की कृपा से आकर्षण और जल क्रीड़ा की प्रतियोगिताओं का गढ़ बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही वास्तविक परिवर्तन होता है। रामगढ़ताल पर्यटन के साथ खेल का भी बेहतरीन डेस्टिनेशन बन गया है। इसके आसपास कई होटल खुल चुके हैं, ताल में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट भी शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि जब हम अच्छा सोचते हैं तो हमारी सकारात्मक ऊर्जा समाज और राष्ट्र के उत्थान में लगती है।



सीएम योगी ने बढ़ाया रोइंग खिलाड़ियों का उत्साह



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले (500 मीटर, डबल स्कल्स बालिका और कॉक्सलेस फोर बालक) का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों के जुनून को काफी सराहा। इसके पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जब नन्हें खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने ने हाथ जोड़कर सीएम योगी का स्वागत किया तो उन्होंने इन बच्चों से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।



----



सीएम योगी के नेतृत्व में खेलों का हब बन रहा यूपी



सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है। सीएम योगी के नेतृत्व में खेल और खिलाड़ियों के लिए हर तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं देकर उत्तर प्रदेश खेलों का हब बन रहा है। खेल मंत्री ने कहा कि खेल को लेकर सीएम योगी के विजन की ही देन है कि गोरखपुर के रामगढ़ताल में दूसरी बार रोइंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता हुई है। दो प्रतियोगिताओं की सफलता से पूरी उम्मीद है कि अगली बार यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगी। उन्होंने कहा कि गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि पर मुख्यमंत्री की प्रेरणा से रोइंग स्पोर्ट के बढ़ते कदम पूरे प्रदेश और देश मे दिखाई देंगे। स्वागत संबोधन रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव तथा यूपी रोइंग एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने किया। एमएलसी एवं यूपी रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक पवन सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।





यूपी की टीम ने किया निराश



गोरखपुर। चैंपियनशिप में मेजबान यूपी की टीम ने निराश किया। यूपी की टीम से कुल चार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे थे, इनमें एक खिलाड़ी गोरखपुर से था। यूपी के खिलाड़ी किसी भी इवेंट के फाइनल तक में नहीं पहुंच सके। हालांकि, रामगढ़ताल ने जिस तरह अरबाजों को पंख दिए हैं, उससे भविष्य के लिए उम्मीदें जगी हैं।




कार्यक्रम में ये रहे मौजूद



सांसद रविकिशन शुक्ल, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, खेल निदेशक आरपी सिंह, एशियन रोइंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष सीपी सिंह, यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा, उपाध्यक्ष राणा राहुल सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, रोइंग चैंपियनशिप के आयोजन सचिव पुनीत बालियान, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही, जिला हॉकी संघ के मनीष सिंह समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी व अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed