{"_id":"67df1057b0fe89f5160872ef","slug":"gorakhpur-news-amrutani-will-be-free-from-drug-addictsa-new-identity-will-be-created-under-police-protection-gorakhpur-news-c-7-hsr1010-878234-2025-03-23","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सुरक्षा की जगी आस: अमरुतानी में बनी पुलिस चौकी... अब बनेगी नई पहचान, नशेड़ियों का था अड्डा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सुरक्षा की जगी आस: अमरुतानी में बनी पुलिस चौकी... अब बनेगी नई पहचान, नशेड़ियों का था अड्डा
Sun, 23 Mar 2025 01:02 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
Published by: गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 23 Mar 2025 01:02 AM IST
सार
संभल के वर्तमान एसपी और पिछले साल गोरखपुर के एसपी सिटी रहे कृष्ण कुमार विश्नोई को इस इलाके के बारे में पता लगा तो वह खुद सादी वर्दी में बाइक से अमरुतानी के अंदर गए। आम आदमी की तरह घूमते हुए स्मैक और कच्ची शराब के धंधेबाजों को चिह्नित किया। धंधेबाजों पर कार्रवाई के साथ ही इस इलाके में पुलिस चौकी खोलने का निर्णय लिया गया।
विज्ञापन
अमरुतानी में खुली नई पुलिस चौकी का फीता काटते एसएसपी व एसपी सिटी अभिनव त्यागी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
कच्ची शराब, गांजा और स्मैक का अड्डा बने अमरुतानी इलाके की पहचान बदलने वाली है। इस क्षेत्र से नशेड़ियों को भगाने और अपराध पर रोकथाम के लिए यहां राजघाट थाने की अमरूद बाग पुलिस चौकी खोली गई है। शनिवार को नवनिर्मित चौकी का एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने उद्घाटन किया।
विज्ञापन
पुलिस की पहरेदारी होने से अब इस इलाके में अपराध पर रोकथाम लगने और इलाके को नई पहचान मिलने की आस जगी है। राप्ती नदी के किनारे महेवा तटबंध से लेकर कठऊर, चकरा, बड़गो के पास तक का पूरा इलाका अमरूद के बागों की वजह से अमरुतानी कहलाता है।
विज्ञापन
कभी शहर के किनारे रहा यह इलाका अब बीच में आ चुका है। राजघाट पर आठ लेन का पुल बनने के साथ ही नौसड़ से पैडलेगंज तक सिक्सलेन सड़क बन रही है। वहीं राजघाट पुल से गोरखनाथ मंदिर होते हुए सोनौली रोड तक फोरलेन सड़क बन रही है।
विज्ञापन
शहर के पुराने लोग बताते हैं कि इस इलाके के प्राकृतिक स्वरूप को देखकर लोगों ने यहां बसने के लिए जमीन खरीदी और न्यू ट्रांसपोर्ट नगर समेत कई इलाके गुलजार होने लगे। इसी बीच अस्सी के दशक में अमरूद के बाग और नदी के बीच के निर्जन क्षेत्र की वजह से यह इलाका कच्ची शराब, गांजा, भांग और स्मैक के लिए कुख्यात होने लगा।
साल 2001 में किशुन कुमारी पंडिताइन ने यहां स्मैक का धंधा शुरू कर दिया। उसके बाद मंजू इस धंधे में आ गई। नशेड़ियों ने यहां अड्डा जमाया तो छोटे-मोटे अपराध भी शुरू हो गए। पुराने लोग बताते हैं कि अमरूद बाग में पहले बच्चे खेलने के लिए आते थे, लेकिन पहले कच्ची शराब और फिर स्मैक के लिए यह बदनाम हो गया। जिन लोगों ने घर बनाने के लिए जमीन ली थी, वे भी यहां आने से डरते थे।
एसपी सिटी रहे कृष्ण कुमार विश्नोई ने की थी कार्रवाई
संभल के वर्तमान एसपी और पिछले साल गोरखपुर के एसपी सिटी रहे कृष्ण कुमार विश्नोई को इस इलाके के बारे में पता लगा तो वह खुद सादी वर्दी में बाइक से अमरुतानी के अंदर गए। आम आदमी की तरह घूमते हुए स्मैक और कच्ची शराब के धंधेबाजों को चिह्नित किया। धंधेबाजों पर कार्रवाई के साथ ही इस इलाके में पुलिस चौकी खोलने का निर्णय लिया गया।
ज्ञानेंद्र सिंह को बनाया गया चौकी इंचार्ज
इस चौकी का इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह को बनाया गया है। चौकी के उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि राजघाट थाना क्षेत्र के अमरूद बाग में असुरक्षा का माहौल था। यहां का माहौल सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस चौकी खोली गई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पुलिस चौकी पर जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है, वे यहां पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे, ताकि यहां के लोग सुरक्षित माहौल में विकास के लिए प्रयास कर सकें। इस दौरान उनके साथ एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के साथ ही राजघाट कोतवाली थाना प्रभारी मौजूद रहे।