मुंबई से शुक्रवार की शाम ही आने वाली थी ट्रेन, गोरखपुर की जगह पहुंच गई ओडिशा
- मुंबई से चली ट्रेन के गायब होने की सूचना से हलकान रहे अफसर
- यात्रियों के घरवाले भी हुए परेशान, फोन कर लोकेशन जानने की कोशिश में लगे रहे
विस्तार
मुंबई वसई रोड-गोरखपुर श्रमिक स्पेशल ट्रेन को गोरखपुर जंक्शन पर शुक्रवार की शाम तक पहुंचना था लेकिन शनिवार को भी इस ट्रेन के नहीं आने से रेलवे में हड़कंप मच गया। ट्रेन का कोई लोकेशन भी अधिकारियों को नहीं मिला।
ट्रेन में सवार 1200 यात्रियों के घरवाले भी परेशान रहे। वे ट्रेन के आने की सही जानकारी के बारे में लगे रहे। उधर, पूरे दिन ट्रेन के गायब होने की सूचनाएं सोशल मीडिया पर चलती रहीं। जिसके बाद रेलवे अफसरों को ट्रेन के बारे में बयान जारी करना पड़ा कि इसे डायर्वट कर चलाया गया है।
दरअसल, ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों ने अपने घरवालों को बताया कि वे जिस ट्रेन में हैं वह राउरकेला-आसनसोल की ओर जा रही है जबकि इसे भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर होकर गोरखपुर आना था।
सोशल मीडिया पर खूब हुई चर्चा
हालांकि यात्रियों ने घरवालों को बताया कि रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर उन्हें सिर्फ दिन में भोजन कराया गया है पानी की बहुत किल्लत है। भूखे प्यासे यात्रियों की फिक्र में उनके घरवाले भी हलकान रहे। धीरे-धीरे यह सूचना सोशल मीडिया पर चलने लगी।
वहीं रेलवे अधिकारी इसे अफवाह बताते रहे। गोरखपुर जंक्शन पर भी रेलवे अफसर ट्रेन का लोकेशन खंगालने लगे लेनिक उन्हें निराशा हाथ लगी। ट्रेन कहां है, कब गोखपुर पहुंचेगी, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि जिस रास्ते पर ट्रेन चली है, उससे रविवार की शाम तक पहुंचने की संभावना है।