Gorakhpur: हिस्ट्रीशीटर मेराजुल हक की पीटकर हत्या, गोरखनाथ इलाके में हुई घटना, पुलिस कर रही है जांच
पुलिस का कहना है कि जिस भूमि पर मेराजुल निर्माण करा रहा था, उसको लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। आरोपियों के पहचान की कोशिश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखनाथ थाना क्षेत्र के जामियानगर में सोमवार शाम चार बजे के करीब हिस्ट्रीशीटर मेराजुल हक की लाठी-डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच से पता चला है कि भूमि विवाद में हत्या की गई। मेराजुल गोरखनाथ थाने का पुराना हिस्ट्रीशीटर था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मेराजुल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया और हत्यारोपियों के गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस की तीन टीमें जांच में लगा दी गईं हैं।
पुराना गोरखपुर मोहल्ले में इमामाबाड़ा के पास का रहने वाला मेराजुल सवेरा मैरिज हाउस संचालित करता था। सोमवार को ग्रीन सिटी के पास स्थित सेंट जोसेफ स्कूल के पास अपनी भूमि पर निर्माण करवा रहा था। दोपहर 1:30 बजे के करीब बेटे को स्कूल से लेकर घर छोड़ा और फिर प्लाट पर हो रहे निर्माण कार्य को देखने अकेले ही गया था। घर लौटते समय जामियानगर में सड़क पर खड़े पांच युवकों ने मेराजुल को घेरकर दोपहिया वाहन रोक लिया और डंडे से हमला कर दिया। बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर भागा तो हमलावरों ने दौड़ाकर सिर पर ईंट से वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी ग्रीन सिटी की तरफ भाग निकले।
विवादित भूमि पर करा रहा था निर्माण
पुलिस का कहना है कि जिस भूमि पर मेराजुल निर्माण करा रहा था, उसको लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की है। कुछ फुटेज भी जुटाए हैं। इसके जरिए आरोपियों के पहचान की कोशिश की जा रही है।
पांच अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर हिस्ट्रीशीटर को घायल कर दिया था। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
- कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी सिटी