{"_id":"69aaa543e30d7670060e3dfe","slug":"gorakhpur-fire-accident-gas-tanker-catches-fire-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gorakhpur Fire: गैस से भरे टैंकर में लगी आग, 45 मिनट तक बंद रहा हाईवे, चालक ने कूदकर बचाई जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gorakhpur Fire: गैस से भरे टैंकर में लगी आग, 45 मिनट तक बंद रहा हाईवे, चालक ने कूदकर बचाई जान
Fri, 06 Mar 2026 03:28 PM IST
Akash Dubey
संवाद न्यूज एजेंसी, जगदीशपुर (गोरखपुर)
संवाद न्यूज एजेंसी, जगदीशपुर (गोरखपुर)
Published by: Akash Dubey
Updated Fri, 06 Mar 2026 03:28 PM IST
सार
बृहस्पतिवार सुबह कुशीनगर हाईवे पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एलपीजी टैंकर में आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। दमकल ने 45 मिनट में आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीपीगंज थाना क्षेत्र में कुशीनगर हाईवे पर कोनी तिराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह एलपीजी गैस से भरे टैंकर में आग लगने से हड़कंप मच गया। टैंकर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे इंजन और अगले हिस्से में आग लग गई। चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान एहतियातन हाईवे पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बंगाल से नेपाल जा रहा एलपीजी गैस टैंकर बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे कोनी तिराहे के पास बुलडोजर ढाबा के समीप पहुंचा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से टैंकर के अगले हिस्से और टायर में आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर का अगला हिस्सा धूं-धूं कर जलने लगा। घटना के समय टैंकर चला रहे सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जिगना निवासी चालक दुर्गा प्रसाद ने स्थिति भांपते ही कूदकर अपनी जान बचाई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र गोलघर से दो फोम टेंडर और एक वाटर टेंडर के साथ फायर स्टेशन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा अग्निशमन केंद्र चौरीचौरा से भी एक वाटर टेंडर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए टैंकर के इंजन में लगी आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया और आग को एलपीजी टैंक तक फैलने से रोक लिया।
विज्ञापन
करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया। टैंकर में आग लगने की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा के मद्देनजर करीब 45 मिनट तक हाईवे पर यातायात बंद कर दिया गया। आग बुझने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया। घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।