गोरखपुर मंडल के माध्यमिक विद्यालयों को मिले 288 नए शिक्षक, सितंबर में करना होगा कार्यभार ग्रहण
गोरखपुर मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को नए 288 शिक्षक मिल गए हैं। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग ने वर्ष 2016 में विज्ञापित नियुक्तियों का परिणाम जुलाई में घोषित करने के साथ ही चयनित अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों को जारी कर दिया है।
साथ ही चयनित अभ्यर्थियों को सितंबर तक कार्यभार ग्रहण करने के लिए निर्देशित किया है। अब तक 224 शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बाकि बचे 64 शिक्षक भी जल्द ही कार्यभार ग्रहण कर लेंगे।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अरसे से प्रवक्ता और सहायक अध्यापकों ने पद रिक्त चल रहे थे। शिक्षकों की सेवानिवृत्ति और नई नियुक्तियां न होने की वजह से विद्यालयों में पठन पाठन का माहौल प्रभावित हो रहा था।
जिसके बाद माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग ने कोरोना संक्रमण के दौरान में चयनित अभ्यर्थियों के नाम जारी कर माध्यमिक शिक्षा को एक संजीवनी प्रदान की है। इसके साथ ही आयोग ने सभी मंडल के संयुक्त निदेशक (शिक्षा) को पत्र जारी कर चयनित अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कराने का निर्देश दिया है।
64 शिक्षकों ने नहीं किया है कार्यभार ग्रहण
गोरखपुर मंडल के 64 अभ्यर्थियों ने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इनमें 19 प्रवक्ता और 45 सहायक अध्यापकों के नाम शामिल है। गोरखपुर में 18, देवरिया में 18, महाराजगंज में 17 और कुशीनगर में 11 शिक्षकों ने अभी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। इनमें से कुछ ने प्रबंधकों पर कार्यभार ग्रहण कराने में अपेक्षित सहयोग न मिलने का आरोप भी लगाया है।
जिला प्रवक्ता सहायक अध्यापक कुल संख्या
गोरखपुर - 31 93 124
देवरिया - 31 93 124
महाराजगंज - 7 16 23
कुशीनगर - 3 14 27
संयुक्त निदेशक शिक्षा सप्तम मंडल योगेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण करने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े इसे लेकर सभी प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है। इसके बाद भी अगर कार्यभार ग्रहण करने में परेशानी आती है तो अभ्यर्थी संबंधित जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ मेरे कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है। समस्या को जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा।